हार्ट अटैक के बाद एक्सरसाइज: कब शुरू करें और कौन-सी एक्सरसाइज सुरक्षित हैं?
Home >Blogs >हार्ट अटैक के बाद एक्सरसाइज: कब शुरू करें और कौन-सी एक्सरसाइज सुरक्षित हैं?

हार्ट अटैक के बाद एक्सरसाइज: कब शुरू करें और कौन-सी एक्सरसाइज सुरक्षित हैं?

Cardiology | by Dr. Anjan Siotia on 25/11/2026

Table of Contents

Summary

  • हार्ट अटैक के बाद एक्सरसाइज सुरक्षित और फायदेमंद हो सकती है, पर शुरुआत डॉक्टर की सलाह और हल्की वॉक से होनी चाहिए।
  • निगरानी वाली एक्सरसाइज (कार्डियक रिहैबिलिटेशन) अक्सर डिस्चार्ज के 1 से 3 हफ्ते में शुरू होती है।
  • भारी वेट, दौड़, कुछ योग आसन और सांस रोककर जोर लगाना शुरुआत में टालें।
  • सीने में दर्द, चक्कर, असामान्य सांस फूलना या ठंडा पसीना आए तो तुरंत रुकें और जरूरत पर 108/112 बुलाएं।
  • हर मरीज की रिकवरी अलग है, इसलिए अपनी रिपोर्ट के आधार पर कार्डियोलॉजिस्ट से व्यक्तिगत योजना लें।

हार्ट अटैक के बाद ज्यादातर मरीज और परिवार के लोग एक ही सवाल से जूझते हैं: क्या अब चलना-फिरना सुरक्षित है, या दिल को पूरा आराम देना चाहिए? सीधा जवाब यह है कि हार्ट अटैक के बाद एक्सरसाइज न सिर्फ सुरक्षित हो सकती है, बल्कि रिकवरी का जरूरी हिस्सा है, बशर्ते शुरुआत डॉक्टर की सलाह से, छोटे कदमों में और सही निगरानी के साथ हो।

आमतौर पर अस्पताल से छुट्टी के बाद हल्की सैर से शुरुआत होती है। कार्डियक रिहैबिलिटेशन के तहत निगरानी में एक्सरसाइज अक्सर डिस्चार्ज के 1 से 3 हफ्ते के भीतर शुरू होती है। कितनी, कब और किस तीव्रता से करनी है, यह आपके हार्ट को हुए नुकसान, इलाज और पहले की फिटनेस पर निर्भर करता है। इसलिए अपने कार्डियोलॉजिस्ट की सलाह सबसे ऊपर रखें। सीके बिरला हॉस्पिटल के कार्डियोलॉजी विशेषज्ञ भी हर मरीज के लिए यही व्यक्तिगत योजना बनाने पर जोर देते हैं।

हार्ट अटैक के बाद शरीर को ठीक होने में कितना समय लगता है?

हार्ट अटैक में दिल की मांसपेशी का कोई हिस्सा कुछ समय के लिए खून से वंचित रह जाता है। उस हिस्से को भरने में आमतौर पर कई हफ्ते लग जाते हैं। हर व्यक्ति की हार्ट अटैक के बाद रिकवरी की रफ्तार अलग होती है।

रिकवरी की गति इन बातों से तय होती है - 

  • अटैक में दिल की मांसपेशी को कितना नुकसान हुआ है।
  • इलाज कितनी जल्दी मिला (एंजियोप्लास्टी, स्टेंट या बाईपास )।
  • अटैक से पहले आपकी फिटनेस और साथ की बीमारियां, जैसे डायबिटीज या हाई बीपी।
  • उम्र और दवाइयों का असर।

सामान्य दिनचर्या में लौटने में कुछ हफ्ते से कुछ महीने लग सकते हैं। दूसरों से तुलना करने की जरूरत नहीं है। 

हार्ट अटैक के बाद कब एक्सरसाइज शुरू करें?

अस्पताल में रहते हुए ही बैठना, कमरे में चलना जैसी हल्की गतिविधियां डॉक्टर की देखरेख में शुरू हो सकती हैं। घर आने के बाद की मोटी रूपरेखा कुछ ऐसी हो सकती है - 

समय

आमतौर पर क्या किया जाता है

अस्पताल में

डॉक्टर की अनुमति से बैठना, थोड़ा चलना

डिस्चार्ज के शुरुआती दिन

घर में हल्का चलना, 5 से 10 मिनट की सैर, दिन में कई बार

डिस्चार्ज के 1 से 3 हफ्ते

कार्डियक रिहैबिलिटेशन शुरू, निगरानी में एक्सरसाइज

करीब 6 से 12 हफ्ते

रिहैबिलिटेशन पूरा होने तक तीव्रता धीरे-धीरे बढ़ाना

इसके बाद

डॉक्टर की मंजूरी से घर या जिम में नियमित एक्सरसाइज

यह सिर्फ एक सामान्य जानकारी है। जिन मरीजों का हार्ट ज्यादा कमजोर हुआ है, उनकी रफ्तार धीमी रखनी पड़ सकती है। 

हार्ट अटैक के बाद कौन-सी एक्सरसाइज सुरक्षित मानी जाती है?

हार्ट पेशेंट के लिए सुरक्षित एक्सरसाइज की शुरुआत लगभग हमेशा एरोबिक (कार्डियो) गतिविधि से होती है, यानी ऐसी हल्की से मध्यम गतिविधि जिसमें बड़ी मांसपेशियां लयबद्ध ढंग से चलती हैं।

  • वॉक (पैदल चलना): हार्ट अटैक के बाद वॉक सबसे आसान और सबसे सुरक्षित शुरुआत है। पहले 5 से 10 मिनट, फिर हर कुछ दिन में थोड़ा समय बढ़ाएं। शुरुआत में घर के पास, समतल जगह पर और किसी के साथ चलें। इसके साथ-साथ आप अपने घर पर हल्के से मध्यम गतिविधी के योग और प्रणायाम भी कर सकते हैं।
  • स्टेशनरी साइकिलिंग या ट्रेडमिल: डॉक्टर की सलाह पर धीमी गति से शुरुआत करें। इनमें तीव्रता नियंत्रित रखना आसान होता है।
  • वार्म-अप और कूल-डाउन (हल्की स्ट्रेचिंग): किसी भी एक्सरसाइज से पहले 5 मिनट धीमा चलें और खत्म करते समय अचानक रुकने के बजाय 3 से 5 मिनट तक गति धीरे-धीरे कम करें। 
  • हल्की स्ट्रेंथ ट्रेनिंग (डॉक्टर की मंजूरी के बाद): रेजिस्टेंस बैंड या हल्के वजन से हफ्ते में 2 दिन व्यायाम करें, लेकिन बीच में गैप देकर करें। यह अब रिहैबिलिटेशन का सामान्य हिस्सा है, पर शुरुआत केवल अनुमति और प्रशिक्षित व्यक्ति की निगरानी में होनी चाहिए।

नोट: बाईपास सर्जरी के मरीजों को छाती के घाव भरने तक हाथों से जोर लगाने वाली एक्सरसाइज से खास तौर पर बचना होता है। 

कितनी तीव्रता ठीक है?

सबसे आसान तरीका टॉक टेस्ट है। एक्सरसाइज के दौरान आप बातचीत कर पा रहे हों, पर गाना न गा सकें, तो तीव्रता मोटे तौर पर ठीक है। बात करने में सांस फूलने लगे, तो रफ्तार घटाएं। लंबे समय में लक्ष्य अक्सर हफ्ते में करीब 150 मिनट की मध्यम गतिविधि होता है, पर वहां तक धीरे-धीरे और डॉक्टर के मार्गदर्शन में पहुंचा जाता है।

हार्ट अटैक के बाद वेट लिफ्टिंग: जिम जा सकते हैं?

जिम जाया जा सकता है, पर सीधे भारी वजन उठाने से नहीं। पहले कार्डियक रिहैबिलिटेशन पूरा करना या डॉक्टर से स्पष्ट अनुमति लेना बेहतर रहता है। उसके बाद भी शुरुआत हल्के वजन, ज्यादा रिपीटिशन और सही सांस के साथ होनी चाहिए। वेट उठाते समय सांस रोककर जोर लगाना (स्ट्रेनिंग) ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ा सकता है, इसलिए उठाते समय सांस छोड़ें और नीचे लाते समय सांस लें।

किन एक्सरसाइज और गतिविधियों से बचना चाहिए?

किन एक्सरसाइज और गतिविधियों से बचना चाहिए?

क्या न करें

क्यों

भारी वजन उठाना, पुश-अप या जोर लगाने वाली गतिविधि (शुरुआती हफ्तों में)

ब्लड प्रेशर और दिल पर अचानक दबाव बढ़ता है।

दौड़, HIIT, तेज खेल, बिना अनुमति

दिल की धड़कन बहुत तेज हो सकती है।

भरे पेट या खाने के तुरंत बाद एक्सरसाइज

पाचन और दिल दोनों पर बोझ

बहुत गर्मी, ठंड या उमस में बाहर एक्सरसाइज

शरीर को तापमान संभालने में ज्यादा मेहनत

तबीयत खराब, बुखार या बहुत थकान में एक्सरसाइज

रिकवरी में रुकावट, जोखिम ज्यादा

अकेले और बिना फोन के दूर तक जाना

दिक्कत होने पर मदद मिलने में देरी

दर्द या सांस फूलने को "सहकर" पूरा करना

ये चेतावनी के संकेत हैं

सबसे आम गलती है "जल्दी पुराने रूटीन पर लौटना" या फिर डर के कारण बिल्कुल हिलना-डुलना बंद कर देना। दोनों ही रिकवरी के लिए अच्छे नहीं हैं।

एंजियोप्लास्टी के बाद एक्सरसाइज कब शुरू करें?

एंजियोप्लास्टी और स्टेंट के बाद कई मरीज जल्दी चलना-फिरना शुरू कर देते हैं, पर इसका मतलब यह नहीं कि बाकी सब पाबंदियां अपने-आप खत्म हो गई। जिस नस (कलाई या जांघ) से प्रक्रिया हुई है, वहां के घाव को ठीक होने का समय चाहिए, और हार्ट की मांसपेशी को हुए नुकसान का आकलन भी जरूरी है। इसलिए हल्की सैर से शुरुआत करें और बाकी एक्सरसाइज के लिए अपने डॉक्टर की समय-सीमा का पालन करें।

एक्सरसाइज के दौरान किन लक्षणों पर ध्यान दें?

एक्सरसाइज रोककर आराम करें और डॉक्टर को बताएं, अगर ये दिखें - 

  • सीने में दबाव, जकड़न या दर्द
  • सामान्य से ज्यादा सांस फूलना
  • चक्कर, आंखों के आगे अंधेरा या बेहोशी जैसा लगना
  • धड़कन का बहुत तेज, अनियमित या छूटता हुआ महसूस होना
  • ठंडा पसीना, मतली
  • जबड़े, कंधे या बांह में दर्द
  • पैरों या टखनों में नई सूजन

कुछ लक्षण थकान या कमजोरी जैसे आम कारणों से भी हो सकते हैं, पर हार्ट अटैक के बाद इन्हें हल्के में न लें। कुछ दिनों तक अपनी हार्ट रेट, ब्लड प्रेशर और थकान का रिकॉर्ड रखने से डॉक्टर को भी मदद मिलती है।

एक्सरसाइज करते समय सीने में दर्द हो तो क्या करें?

तुरंत रुक जाएं और बैठ जाएं। अगर डॉक्टर ने सीने के दर्द के लिए कोई दवा (जैसे जीभ के नीचे रखने वाली) बताई है, तो उसी निर्देश के अनुसार लें। दर्द कुछ मिनट में कम न हो, बढ़े, या साथ में पसीना, सांस फूलना या चक्कर हो, तो इंतजार न करें और तुरंत एम्बुलेंस (108 या 112) बुलाएं। ध्यान दें कि बिना डॉक्टर के लिखे किसी और की दवा न लें।

कार्डियक रिहैबिलिटेशन क्या है और कैसे मदद करता है?

कार्डियक रिहैबिलिटेशन एक डॉक्टर की देखरेख वाला प्रोग्राम है, जिसमें निगरानी में एक्सरसाइज, दवाओं की समझ, खानपान की सलाह, तनाव प्रबंधन और धूम्रपान छोड़ने में मदद एक साथ मिलती है। एक्सरसाइज के दौरान आपकी हार्ट रेट और ब्लड प्रेशर देखे जाते हैं, इसलिए शुरुआत ज्यादा सुरक्षित रहती है।

इसका फायदा शोध में भी दिखता है। कोक्रेन समीक्षा के अनुसार एक्सरसाइज आधारित कार्डियक रिहैबिलिटेशन से हृदय रोग से जुड़ी मृत्यु का जोखिम करीब 26% और अस्पताल में दोबारा भर्ती होने का जोखिम करीब 18% कम पाया गया। भारत में उपलब्ध सेंटर कम हैं और कई मरीज इसका लाभ नहीं ले पाते। इस स्थिति में आप हमारे डॉक्टर से सहायता ले सकते हैं।

हार्ट अटैक के बाद क्या करें और क्या न करें

हार्ट अटैक के बाद क्या करें:

  • दवाइयां समय पर लें: डॉक्टर के निर्देशानुसार नियमित दवा खाएं और बीच में न छोड़ें।
  • धीरे-धीरे सक्रिय हों: रोज थोड़ा चलें और शरीर की क्षमता के अनुसार समय बढ़ाएं।
  • खानपान सुधारें: भोजन में नमक, तेल-मसाले और प्रोसेस्ड चीजों की मात्रा कम करें।
  • लाइफस्टाइल पर ध्यान दें: पूरी नींद लें, वजन काबू में रखें और तनाव से दूर रहें।
  • फॉलो-अप न चूकें: तय समय पर डॉक्टर से मिलकर अपनी नियमित जांच करवाएं।

हार्ट अटैक के बाद क्या न करें:

  • खुद से दवा न बदलें: तबीयत ठीक लगने पर भी अपनी मर्जी से दवा बंद या कम न करें।
  • अचानक जोर न लगाएं: एक साथ बहुत भारी मेहनत या कठिन एक्सरसाइज शुरू न करें।
  • तंबाकू से बिल्कुल दूर रहें: धूम्रपान, गुटखा या किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन न करें।
  • लक्षणों को अनदेखा न करें: सीने में भारीपन, सांस फूलने या घबराहट जैसे संकेतों को न टालें।
  • डर कर निष्क्रिय न हों: हार्ट अटैक के डर से पूरी तरह चलना-फिरना या सामान्य काम बंद न करें।

डॉक्टर से कब मिलें?

एक्सरसाइज की योजना बनाने से पहले, या अगर ऊपर बताए लक्षण बार-बार आए, तो अपने कार्डियोलॉजिस्ट से मिलें। अगर आप या आपके परिवार में किसी को हार्ट अटैक आया है और आगे की एक्सरसाइज, दवा या रिपोर्ट को लेकर चिंता है, तो विशेषज्ञ डॉक्टर से सलाह लेना सही कदम हो सकता है। सीके बिरला हॉस्पिटल की कार्डियोलॉजी टीम से अपॉइंटमेंट लेकर आप अपनी स्थिति के अनुसार सुरक्षित एक्सरसाइज प्लान बनवा सकते हैं।

निष्कर्ष

हार्ट अटैक के बाद आराम जरूरी है, पर लंबे समय तक पूरी तरह निष्क्रिय रहना ठीक नहीं। छोटे कदमों से, खासकर वॉक से शुरुआत करें, कार्डियक रिहैबिलिटेशन का लाभ लें, शरीर के संकेत सुनें और डॉक्टर की मंजूरी के बाद ही तीव्रता बढ़ाएं।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs)

हां, पर डॉक्टर की अनुमति के बाद, आमतौर पर कार्डियक रिहैबिलिटेशन के दौरान या बाद में। शुरुआत हल्के कार्डियो और कम वजन से करें, भारी वजन और तेज इंटेंस वर्कआउट से बचें।

Written and Verified by:

Dr. Anjan Siotia

Dr. Anjan Siotia

Director Exp: 24 Yr

Cardiology

Book an Appointment

Dr. Anjan Siotia is the Director of Cardiology Department at BM Birla Heart Hospital, Kolkata, with over 24 years of experience. He specializes in complex angioplasty, chronic total occlusion, TAVI, CRT & ICD pacemaker surgery, and radial interventions.

Related Diseases & Treatments

Treatments in Kolkata

Cardiology Doctors in Kolkata

NavBook Appt.WhatsappWhatsappCall Now