क्या लो ब्लड प्रेशर हार्ट अटैक का कारण बन सकता है? जानें पूरी सच्चाई
Home >Blogs >क्या लो ब्लड प्रेशर हार्ट अटैक का कारण बन सकता है? जानें पूरी सच्चाई

क्या लो ब्लड प्रेशर हार्ट अटैक का कारण बन सकता है? जानें पूरी सच्चाई

Cardiology | by Dr. Anil Mishra on 20/07/2026

Summary

  • लो ब्लड प्रेशर यानी 90/60 mmHg से कम रीडिंग खुद हार्ट अटैक का सीधा कारण नहीं है, लेकिन यह दिल तक ऑक्सीजन युक्त खून पहुंचने में रुकावट पैदा कर सकता है।
  • गंभीर या अचानक गिरा हुआ बीपी दिल की मांसपेशियों को कमजोर कर सकता है, खासकर बुजुर्गों और पहले से हृदय रोग वाले मरीजों में ये समस्या अधिक देखी जाती है।
  • चक्कर आना, धुंधला दिखना, थकान, बेहोशी जैसे लक्षण नजरअंदाज नहीं करने चाहिए।
  • डिहाइड्रेशन, दवाइयों का असर और कुछ हृदय संबंधी बीमारियां लो बीपी को खतरनाक बना सकती हैं।
  • समय पर जांच और सही इलाज से इसे पूरी तरह नियंत्रित किया जा सकता है।

अगर आपके मन में भी यही सवाल घूम रहा है कि क्या लो ब्लड प्रेशर के कारण हार्ट अटैक आता है या नहीं, तो यकीन मानिए आप अकेले नहीं हैं। ज्यादातर लोग हाई बीपी को दिल की बीमारी से जोड़कर देखते हैं, लेकिन लो ब्लड प्रेशर को अक्सर हल्के में लिया जाता है, जबकि सच्चाई इतनी सीधी नहीं है। 

इस ब्लॉग में हम लो ब्लड प्रेशर और हार्ट अटैक के बीच के असली रिश्ते को विस्तार से समझेंगे, यह भी जानेंगे कि लो ब्लड प्रेशर के क्या लक्षण है और किन हालातों में यह वाकई खतरनाक बन सकता है। अगर आपको या आपके परिवार में किसी को बार-बार चक्कर आना, कमजोरी या बेहोशी जैसी शिकायत रहती है, तो देर न करें, आज ही हमारे अनुभवी हृदय रोग विशेषज्ञ से अपॉइंटमेंट बुक करें और अपने दिल की सही जांच करवाएं।

लो ब्लड प्रेशर (Hypotension) क्या है और यह क्यों होता है?

मेडिकल भाषा में जब किसी व्यक्ति का ब्लड प्रेशर लगातार 90/60 mmHg से नीचे रहता है, तो इसे हाइपोटेंशन (hypotension) कहा जाता है। सामान्य स्वस्थ वयस्क का बीपी करीब 120/80 mmHg माना जाता है। जब यह आंकड़ा इससे काफी नीचे चला जाता है, तो शरीर के महत्वपूर्ण अंगों, खासकर दिमाग और दिल तक खून का दबाव कम पहुंचने लगता है। आपको एक खास बात बता दें कि लो ब्लड प्रेशर कोई रोग नहीं है, ये एक शरीर के एक स्थिति है, जिसमें बीपी एक सीमा के नीचे चला जाता है।

लो बीपी के पीछे कई वजहें हो सकती हैं जैसे कि - 

  • शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन
  • लंबे समय तक भूखे रहना या पोषण की कमी
  • कुछ दवाओं का असर, जैसे बीपी की दवाएं, डाइयुरेटिक्स या एंटीडिप्रेसेंट
  • अचानक ज्यादा खून बह जाना या शरीर में गंभीर संक्रमण (सेप्सिस)
  • हृदय से जुड़ी समस्याएं जैसे धीमी धड़कन (ब्रैडीकार्डिया) या हार्ट वाल्व की खराबी
  • गर्भावस्था के शुरुआती महीनों में हार्मोनल बदलाव
  • लंबे समय तक बिस्तर पर लेटे रहना या अचानक खड़े होना

दिलचस्प बात यह है कि कुछ लोगों का सामान्य बीपी ही 90/60 के आसपास होता है और उन्हें कोई तकलीफ भी नहीं होती, ऐसे मामलों में चिंता की जरूरत नहीं होती। असली खतरा तब शुरू होता है, जब बीपी अचानक गिरता है या साथ में लक्षण भी दिखने लगते हैं।

क्या लो ब्लड प्रेशर हार्ट अटैक का कारण बन सकता है?

यह सवाल जितना सुनने में सीधा लगता है, जवाब उतना ही बारीक है। मेडिकल रिसर्च और कार्डियोलॉजी एक्सपर्ट्स की मानें तो लो ब्लड प्रेशर सीधे तौर पर हार्ट अटैक का कारण नहीं बनता, लेकिन यह एक ऐसी स्थिति जरूर बना सकता है जैसे कि - 

लो बीपी और हार्ट अटैक का कनेक्शन (इस्केमिया)

  • ऑक्सीजन की कमी: जब ब्लड प्रेशर बहुत ज्यादा गिर जाता है, तो दिल तक पर्याप्त ऑक्सीजन युक्त खून नहीं पहुंच पाता। इसे मेडिकल भाषा में इस्केमिया (Ischemia) कहते हैं।
  • धमनियों में रुकावट: जिन लोगों को पहले से कोरोनरी आर्टरी डिजीज (धमनियों में प्लाक जमा होना) है, लो बीपी के कारण उनकी धमनियों में खून का बहाव और धीमा हो जाता है।
  • मांसपेशियों को नुकसान: तनाव या एक्सरसाइज के दौरान जब दिल को ज्यादा ऑक्सीजन की जरूरत होती है और लो बीपी के कारण वह नहीं मिल पाती, तो दिल की मांसपेशियों को नुकसान पहुंच सकता है।

उल्टा कनेक्शन: हार्ट अटैक के कारण लो बीपी

यह रिश्ता दोनों तरफ से काम करता है- 

  • पंपिंग क्षमता में कमी: जब किसी व्यक्ति को हार्ट अटैक आता है, तो दिल की पंपिंग क्षमता कमजोर हो जाती है, जिससे बीपी अपने आप गिरने लगता है।
  • कार्डियोजेनिक शॉक: इसे मेडिकल भाषा में कार्डियोजेनिक शॉक (Cardiogenic Shock) कहा जाता है। यह एक जानलेवा स्थिति है जिसमें दिल पूरे शरीर में जरूरत के मुताबिक खून पंप नहीं कर पाता।
  • निष्कर्ष: लो बीपी हार्ट अटैक का कारण (जोखिम) भी बन सकता है और उसका नतीजा भी।

हमारे यहां BMB कोलकाता में एक ऐसा ही केस सामने आया था, जहां एक 62 वर्षीय मरीज बार-बार चक्कर और कमजोरी की शिकायत लेकर आई थी। शुरुआती जांच में उनका बीपी 80/50 mmHg मिला। गहन जांच करने पर पता चला कि उन्हें साइलेंट इस्केमिया की समस्या थी, यानी हृदय तक खून की आपूर्ति कम हो रही थी, लेकिन सीने में दर्द जैसा कोई स्पष्ट लक्षण नहीं था। समय पर पहचान और इलाज से उनकी स्थिति बड़ी दुर्घटना बनने से पहले ही संभल गई। ऐसे मामले यह दिखाते हैं कि लो बीपी के लक्षणों को नजरअंदाज करना कितना भारी पड़ सकता है।

किन परिस्थितियों में लो ब्लड प्रेशर खतरनाक हो सकता है?

हर लो बीपी खतरनाक नहीं होता, लेकिन कुछ स्थितियों में सतर्क रहना जरूरी है जैसे कि - 

  • बुजुर्ग मरीज: उम्र बढ़ने के साथ धमनियों का लचीलापन कम हो जाता है, जिससे बीपी में उतार-चढ़ाव का असर दिल पर ज्यादा पड़ता है।
  • ऑर्थोस्टेटिक हाइपोटेंशन: जब बैठने या लेटने के बाद अचानक खड़े होने पर बीपी 20 mmHg (सिस्टोलिक) या 10 mmHg (डायस्टोलिक) से ज्यादा गिर जाए, तो गिरने और चोट लगने का खतरा बढ़ जाता है।
  • पहले से हृदय रोग वाले मरीज: जिन्हें कोरोनरी आर्टरी डिजीज, हार्ट फेलियर या अनियमित धड़कन की समस्या है, उनमें लो बीपी हृदय पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है।
  • गंभीर डिहाइड्रेशन या भारी रक्तस्राव: इससे शरीर में खून का आयतन तेजी से घटता है और दिल को पर्याप्त रक्त नहीं मिल पाता।
  • दवाओं का ओवरडोज असर: बीपी की दवाएं, डाइयुरेटिक्स या बीटा-ब्लॉकर्स कभी-कभी जरूरत से ज्यादा असर दिखा देते हैं।
  • कार्डियोजेनिक शॉक: यह सबसे गंभीर स्थिति है, जिसमें दिल की पंपिंग क्षमता इतनी कमजोर पड़ जाती है कि शरीर के अंगों तक खून पहुंचना मुश्किल हो जाता है। यह तुरंत अस्पताल में भर्ती होने वाली इमरजेंसी है।

अगर आपको बार-बार चक्कर, धुंधला दिखना, ठंडा पसीना आना, सांस फूलना या सीने में हल्की बेचैनी महसूस हो, तो इसे सामान्य कमजोरी समझकर टालें नहीं। यह जानना जरूरी है कि लो ब्लड प्रेशर कब खतरनाक होता है, ताकि सही समय पर मदद ली जा सके।

लो ब्लड प्रेशर की जांच और इलाज

लो बीपी की सही वजह जाने बिना इलाज शुरू करना सही नहीं है। इसलिए डॉक्टर आमतौर पर इन जांचों की सलाह देते हैं - 

  • ईसीजी (ECG) – दिल की धड़कन और लय की जांच के लिए ये टेस्ट कराया जाता है।
  • इकोकार्डियोग्राफी – दिल की पंपिंग क्षमता और वॉल्व की स्थिति जानने के लिए ये टेस्ट कराएं।
  • ब्लड टेस्टएनीमिया, इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन या इन्फेक्शन का पता लगाने के लिए इस टेस्ट की आवश्यकता होती है।
  • टिल्ट टेबल टेस्ट – ऑर्थोस्टेटिक हाइपोटेंशन की पुष्टि के लिए इस टेस्ट की जरूरत होती है।
  • 24 घंटे बीपी मॉनिटरिंग – दिनभर के बीपी पैटर्न को समझने के लिए ये टेस्ट कराएं।

इलाज पूरी तरह इस बात पर निर्भर करता है कि लो बीपी की जड़ में क्या है। अगर डिहाइड्रेशन वजह है, तो पर्याप्त पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स से सुधार आ सकता है। अगर किसी दवा का साइड इफेक्ट है, तो डॉक्टर खुराक बदल सकते हैं। 

लो ब्लड प्रेशर से बचाव और दिल को स्वस्थ रखने के लिए अपनाएं ये उपाय 

8 Remedies to control low blood pressure, ways to control low bp

रोजमर्रा की जिंदगी में कुछ आसान बदलाव लो बीपी को नियंत्रित रखने और दिल को सुरक्षित रखने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं - 

  • पर्याप्त पानी पिएं: रोजाना कम से कम 8-10 गिलास पानी शरीर में खून का आयतन बनाए रखने में मदद करता है।
  • धीरे-धीरे उठें: लेटने या बैठने के बाद अचानक खड़े होने से बचें, कुछ सेकंड रुक कर उठें।
  • छोटे-छोटे अंतराल पर भोजन करें: एक साथ भारी खाना खाने से बचें, क्योंकि इससे भी बीपी अस्थायी रूप से गिर सकता है।
  • नमक और नमकीन तरल पदार्थ: डॉक्टर की सलाह पर पर्याप्त मात्रा में नमक और तरल पदार्थ का सेवन बीपी को स्थिर रखता है।
  • कंप्रेशन स्टॉकिंग्स पहनें: खासकर बुजुर्ग मरीजों में यह पैरों में खून जमा होने से रोकता है।
  • नियमित हल्की एक्सरसाइज: वाकिंग, योग जैसी गतिविधियां रक्त संचार को बेहतर बनाती हैं।
  • शराब और अत्यधिक गर्म पानी से नहाना कम करें: दोनों ही बीपी को अचानक गिरा सकते हैं।
  • नियमित बीपी मॉनिटरिंग: घर पर बीपी नापने की आदत डालें, खासकर अगर परिवार में हृदय रोग की हिस्ट्री हो।

एक बात हमेशा याद रखें, दिल की सेहत सिर्फ हाई बीपी को नियंत्रित करने से नहीं, बल्कि बीपी को संतुलित रखने से जुड़ी है। 

निष्कर्ष

तो क्या लो ब्लड प्रेशर हार्ट अटैक का सीधा कारण है? पूरी तरह नहीं, लेकिन यह जरूर एक ऐसी कड़ी बन सकता है जो दिल तक खून की सप्लाई कम करके खतरे को बढ़ा देती है, खासकर उन लोगों में जिन्हें पहले से हृदय संबंधी समस्याएं हैं। शरीर के छोटे-छोटे संकेतों को नजरअंदाज करना कभी-कभी भारी पड़ सकता है। अगर आपको या आपके किसी अपने को बार-बार चक्कर, कमजोरी या बेहोशी जैसी शिकायत रहती है, तो इसे सामान्य समझने की भूल न करें। सही समय पर सही जांच और विशेषज्ञ की सलाह ही आपके दिल को सुरक्षित रख सकती है। हमारे अनुभवी हृदय रोग विशेषज्ञों से आज ही अपॉइंटमेंट बुक करें और अपने दिल की पूरी जांच करवाएं।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs)

तुरंत लेट जाएं और पैरों को ऊपर उठाएं, थोड़ा नमक या नमकीन तरल पदार्थ लें और आराम करें। अगर बेहोशी, सीने में दर्द या सांस फूलने जैसे लक्षण हों, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

Written and Verified by:

Dr. Anil Mishra

Dr. Anil Mishra

Director Exp: 42 Yr

Cardiology

Book an Appointment

Dr. Anil Mishra is the Director of Cardiology Dept. at BM Birla Heart Hospital, Kolkata, with over 33 years of experience. He specializes in complex angioplasties, pacemaker & AICD implantation, CRT-D, TAVI, and was the first in Eastern India to perform rotablation and implant leadless pacemakers.

Related Diseases & Treatments

Treatments in Kolkata

Cardiology Doctors in Kolkata

NavBook Appt.WhatsappWhatsappCall Now