बोन मैरो ट्रांसप्लांट: किसे ज़रूरत होती है और यह कैसे काम करता है
Home >Blogs >बोन मैरो ट्रांसप्लांट: किसे ज़रूरत होती है और यह कैसे काम करता है

बोन मैरो ट्रांसप्लांट: किसे ज़रूरत होती है और यह कैसे काम करता है

Oncology | by Dr. Anand Mohan on 18/11/2026

Summary

  • बोन मैरो ट्रांसप्लांट में बीमार मैरो की जगह स्वस्थ स्टेम सेल्स को शरीर में डाला जाता है।
  • यह मुख्य रूप से रक्त कैंसर, मैरो फेल होने और जन्मजात खून की बीमारियों में किया जाता है।
  • हर ल्यूकेमिया या खून की बीमारी में ट्रांसप्लांट जरूरी नहीं होता। 
  • भाई या बहन के पूरे मैच होने की संभावना लगभग 25% है, बाकी विकल्पों में रजिस्ट्री और हैप्लो डोनर शामिल हैं।
  • असली चुनौती ट्रांसप्लांट के दिन से ज्यादा उसके बाद के हफ्तों में संक्रमण और GVHD जैसी जटिलताओं को संभालने में होती है।
  • ट्रांसप्लांट के बाद बुखार, रैश, दस्त या पीलिया दिखे तो देर न करें।

ल्यूकेमिया, थैलेसीमिया या एप्लास्टिक एनीमिया जैसे स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न होने पर मुख्य इलाज के तौर पर "बोन मैरो ट्रांसप्लांट" के विकल्प की तरफ देखा जाता है। यदि ऐसा होता है तो मन में अक्सर डर बैठ जाता है। 

डरने की आवश्यकता नहीं है क्योंकि, बोन मैरो ट्रांसप्लांट में शरीर की बीमार या काम न कर रही खून बनाने वाली कोशिकाओं की जगह स्वस्थ स्टेम सेल्स पहुंचाई जाती हैं, ताकि हड्डियों के अंदर का मैरो फिर से सही तरह से खून बनाने लगे। यह हर मरीज के लिए ज़रूरी नहीं होता। लेकिन कुछ बीमारियों में यह इलाज का सबसे अहम विकल्प बन जाता है, और कुछ में लंबे समय तक राहत या पूरा इलाज देने वाला भी। यदि आपको भी इन सभी समस्याओं का निदान हुआ है, तो बिना देर किए हमारे अनुभवी विशेषज्ञों से मिलें और परामर्श लें।

बोन मैरो ट्रांसप्लांट क्या है? (अस्थि मज्जा प्रत्यारोपण क्या है?)

बोन मैरो, यानी अस्थि मज्जा, हड्डियों के अंदर मौजूद नरम, स्पंज जैसा ऊतक है। यहीं स्टेम सेल्स रहती हैं, जो आगे चलकर रेड ब्लड सेल्स (ऑक्सीजन ले जाने वाली), सफेद रक्त कोशिकाएं (संक्रमण से लड़ने वाली) और प्लेटलेट्स (खून रोकने वाली) बनाती हैं।

बोन मैरो ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया मोटे तौर पर तीन चरणों में चलती है - 

  1. तैयारी (कंडीशनिंग): हाई डोज कीमोथेरेपी, कभी-कभी रेडियोथेरेपी के साथ, ताकि बीमार कोशिकाएं खत्म हों और नई कोशिकाओं के लिए जगह बने।
  2. स्टेम सेल्स चढ़ाना: स्वस्थ स्टेम सेल्स नस के जरिए शरीर में दी जाती हैं, काफी हद तक ब्लड ट्रांसफ्यूजन की तरह।
  3. एंग्राफ्टमेंट: ये कोशिकाएं रक्त प्रवाह से हड्डियों के मैरो में पहुंचकर बसती हैं और नया खून बनाना शुरू करती हैं।

एक बात अक्सर उलझाती है। "बोन मैरो ट्रांसप्लांट" और "स्टेम सेल ट्रांसप्लांट" को लोग एक ही मानते हैं। असल में स्टेम सेल्स मैरो से भी ली जा सकती हैं, नसों के खून से भी और नवजात की गर्भनाल के खून (cord blood) से भी। इलाज का मकसद वही रहता है, इसलिए रोजमर्रा की बातचीत में दोनों नाम साथ चलते हैं।

बोन मैरो ट्रांसप्लांट (BMT) की जरूरत कब पड़ती है?

जब दवाएं असर न करें, मैरो काम करना बंद कर दे या हैवी कीमोथेरेपी के बाद नए स्वस्थ मैरो की जरूरत हो।

किन बीमारियों में जरूरत पड़ती है?

  • ब्लड कैंसर: ल्यूकेमिया,लिम्फोमा, मल्टीपल मायलोमा।
  • मैरो फेल होना: एप्लास्टिक एनीमिया, MDS।
  • जन्मजात रक्त रोग: थैलेसीमिया मेजर, सिकल सेल।
  • इम्यून व मेटाबॉलिक विकार।

महत्वपूर्ण तथ्य

  • यह पहला विकल्प नहीं है: आमतौर पर पहले दवाएं या कीमोथेरेपी दी जाती है। ट्रांसप्लांट का फैसला मरीज की उम्र और स्थिति पर निर्भर करता है।
  • बच्चों के लिए संजीवनी: भारत में थैलेसीमिया व सिकल सेल से पीड़ित बच्चों के लिए यह सबसे सटीक इलाज है।
  • सावधानी: थकान, बुखार या नील पड़ना हमेशा मैरो की बीमारी नहीं होती; बिना मेडिकल जांच निष्कर्ष पर न पहुंचे।

बोन मैरो ट्रांसप्लांट के कितने प्रकार होते हैं?

सबसे बड़ा फर्क इस बात से पड़ता है कि स्टेम सेल्स कहां से आ रही हैं।

Bone marrow transplant

इसके अतिरिक्त सिनजेनिक ट्रांसप्लांट भी होता है, जिसमें डोनर मरीज का आईडेंटिकल ट्विन होता है। यह काफी दुर्लभ है।

एलोजेनिक ट्रांसप्लांट का एक और फायदा है। डोनर की इम्यून कोशिकाएं बची हुई कैंसर कोशिकाओं पर भी हमला कर सकती हैं। इसके साथ एक जोखिम भी जुड़ा है, जिसे GVHD (ग्राफ्ट-वर्सेस-होस्ट डिज़ीज़) कहते हैं। इसमें डोनर की कोशिकाएं मरीज के शरीर को "बाहरी" मानकर उस पर असर डालने लगती हैं। इसे दवाओं से रोका और नियंत्रित किया जाता है।

कंडीशनिंग की तीव्रता के अनुसार ट्रांसप्लांट "फुल इंटेंसिटी" या "रिड्यूस्ड इंटेंसिटी" भी हो सकता है। उम्र बढ़ने या दूसरी बीमारियां होने पर डॉक्टर अक्सर हल्की कंडीशनिंग चुनते हैं।

डोनर कौन बन सकता है और मैच कैसे देखा जाता है?

डोनर ऐसा व्यक्ति होना चाहिए जिसका HLA (ह्यूमन ल्यूकोसाइट एंटीजन) टाइप मरीज से मेल खाए। HLA शरीर की कोशिकाओं पर मौजूद वे "पहचान चिन्ह" है जिनसे इम्यून सिस्टम अपने और पराए में फर्क करता है। इसके लिए खून का एक सैंपल पर्याप्त होता है।

  • एक सगे भाई या बहन के पूरे मैच होने की संभावना लगभग 25% होती है।
  • माता-पिता बच्चे के लिए हमेशा आधे मैच (हैप्लो) होते हैं।
  • परिवार में मैच न मिले तो डोनर रजिस्ट्री में खोज होती है।

बोन मैरो ट्रांसप्लांट से पहले मरीज और डोनर की तैयारी

मरीज की तैयारी

  • बीमारी व अंगों की जांच: बीमारी का स्तर देखने के लिए ब्लड टेस्ट और बोन मैरो बायोप्सी। साथ ही, दिल, फेफड़े, किडनी और लिवर के टेस्ट ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि शरीर हाई-डोज़ इलाज झेल सकता है।
  • संक्रमण और डेंटल स्क्रीनिंग: ताकि कोई छिपा हुआ संक्रमण ट्रांसप्लांट के दौरान जानलेवा न बन जाए।
  • HLA टाइपिंग और सेंट्रल लाइन: सही डोनर खोजने के लिए HLA टाइपिंग, और बार-बार सुई चुभने से बचने के लिए नस में सेंट्रल लाइन (ट्यूब) डालना।
  • काउंसलिंग व प्लानिंग: मरीज और परिवार को प्रक्रिया, देखभाल करने वाले (caregiver) की जिम्मेदारियों और खर्च/बीमा से जुड़ी जानकारी देना।

डोनर की तैयारी

  • हेल्थ चेकअप और सहमति: डोनर के संपूर्ण स्वास्थ्य की जांच, संक्रमण की स्क्रीनिंग, और प्रक्रिया के जोखिम समझाकर लिखित अनुमति (Consent) लेना।
  • इंजेक्शन (PBSC प्रक्रिया के लिए): स्टेम सेल्स को हड्डी से निकालकर खून में लाने के लिए 5 दिन तक G-CSF के इंजेक्शन दिए जाते हैं। इससे डोनर को हल्का बुखार या हड्डियों में दर्द महसूस हो सकता है।

डोनर से स्टेम सेल लेने के 2 तरीके

  1. PBSC (बिना सर्जरी): मशीन (apheresis) के जरिए खून से स्टेम सेल निकालने की 4-5 घंटे की प्रक्रिया। दुनिया भर में लगभग 80% डोनेशन इसी आसान तरीके से होते हैं।
  2. बोन मैरो हार्वेस्ट (सर्जरी): इसमें जनरल एनेस्थीसिया देकर डोनर के कूल्हे की हड्डी से मैरो निकाला जाता है। इसके लिए डोनर को एक दिन अस्पताल में रुकना पड़ सकता है।

बोन मैरो ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया: कदम दर कदम

बोन मैरो ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया में निम्न चरण शामिल होते हैं - 

  1. एडमिशन व सेंट्रल लाइन: मरीज को संक्रमण-नियंत्रित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया जाता है और बार-बार सुई से बचाने के लिए नसों में सेंट्रल लाइन लगाई जाती है।
  2. कंडीशनिंग (कई दिन): मैरो को साफ/तैयार करने के लिए कीमोथेरेपी या रेडिएशन। उल्टी, छाले या कमजोरी जैसी दिक्कतों को दवाओं से नियंत्रित किया जाता है।
  3. ट्रांसप्लांट का दिन (Day 0): नस के जरिए स्टेम सेल्स चढ़ाई जाती हैं। यह कोई सर्जरी नहीं, बल्कि ब्लड ट्रांसफ्यूजन जैसी कुछ घंटों की प्रक्रिया होती है।
  4. इंतजार का दौर: कोशिकाएं टिकने तक ब्लड काउंट बेहद कम रहता है। संक्रमण और ब्लीडिंग रोकने के लिए ब्लड, प्लेटलेट्स और एंटीबायोटिक्स दिए जाते हैं।
  5. एंग्राफ्टमेंट: 2 से 4 हफ्तों में नई कोशिकाएं खून बनाना शुरू कर देती हैं। रोजाना ब्लड काउंट की जांच की जाती है।
  6. डिस्चार्ज व फॉलो-अप: काउंट स्थिर होने पर मरीज को डिस्चार्ज किया जाता है, जिसके बाद नियमित जांच चलती रहती है।

नोट: ट्रांसप्लांट प्रक्रिया से ज्यादा चुनौतीपूर्ण उसके बाद के हफ्ते होते हैं, क्योंकि मरीज की रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहद कमजोर रहती है।

ट्रांसप्लांट के बाद रिकवरी और देखभाल

समय

स्थिति व जोखिम

ध्यान किस पर दें

शुरुआती हफ्ते

ब्लड काउंट कम, संक्रमण का अधिक खतरा, छाले व थकान

तेज बुखार या कंपकंपी महसूस होते ही तुरंत मेडिकल टीम को बताएं।

पहला 100 दिन

लगातार जांच; एक्यूट GVHD (एलोजेनिक में) का जोखिम

इम्यूनो-सप्रेसेंट दवाएं समय पर लें; रैश, दस्त या पीलिया पर नजर रखें।

3 से 12 महीने

इम्यून सिस्टम में धीरे-धीरे सुधार; क्रॉनिक GVHD का जोखिम

आंख, मुंह, त्वचा या जोड़ों में किसी भी बदलाव की जानकारी डॉक्टर को दें।

1 साल या अधिक

पूर्ण रिकवरी में 1 वर्ष+ का समय; री-वैक्सीनेशन

नियमित फॉलो-अप रखें और डॉक्टर की सलाह से नया टीकाकरण शेड्यूल अपनाएं।

प्रमुख जोखिम:

संक्रमण, GVHD (ग्राफ्ट वर्सेस होस्ट डिजीज), ग्राफ्ट फेल होना (कोशिकाओं का न टिकना), अंगों पर दवाओं/कीमो का प्रभाव और बीमारी का दोबारा लौटना (ये जोखिम मरीज की स्थिति और ट्रांसप्लांट के प्रकार पर निर्भर करते हैं)।

घर पर रोजमर्रा की सावधानियां:

  • सख्त स्वच्छता: हाथ धोने और साफ-सफाई पर बहुत अधिक ध्यान दें।
  • संक्रमण से बचाव: भीड़भाड़, बीमार लोगों और धूल-मिट्टी वाले माहौल से दूरी बनाएं।
  • सुरक्षित आहार: केवल ताजा और अच्छी तरह पका हुआ खाना खाएं; कच्चा या बासी खाना बिल्कुल न लें।
  • दवाओं का सही सेवन: इम्यूनो सप्रेसेंट दवाएं निर्धारित समय पर लें और खुद से कभी बंद न करें।
  • डॉक्टरी सलाह: बिना डॉक्टर से पूछे कोई भी नया टीका या दवा न लें।

कब तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें?

अगर आप ट्रांसप्लांट की चर्चा से पहले के चरण में हैं और बार-बार संक्रमण, लगातार बुखार, बिना वजह वजन घटना, पीलापन, आसानी से नील पड़ना/खून आना, या गर्दन व बगल में गांठें दिखने जैसे लक्षण महसूस कर रहे हैं, तो CBC जैसी साधारण जांच पहला कदम हो सकती है। ये लक्षण कई बीमारियों में दिखते हैं, पर इन्हें नजरअंदाज करना ठीक नहीं।

CK Birla Hospital (RBH), जयपुर में ल्यूकेमिया विशेषज्ञ,ऑन्कोलॉजिस्ट और बच्चों के लिए पीडियाट्रिक ऑन्कोलॉजिस्ट से परामर्श लिया जा सकता है। अगर आपको ऐसे लक्षण दिख रहे हैं या रिपोर्ट को लेकर कोई चिंता है, तो विशेषज्ञ डॉक्टर से सलाह लेना सही कदम हो सकता है। निदान और इलाज का हर फैसला आपके इलाज करने वाले योग्य डॉक्टर को ही लेना चाहिए।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

Written and Verified by:

Dr. Anand Mohan

Dr. Anand Mohan

Consultant Exp: 6 Yr

Surgical Oncology

Book an Appointment

Dr. Anand Mohan is a leading Surgical Oncologist in Rajasthan, known for managing complex oncological cases.

Related Diseases & Treatments

Treatments in Jaipur

Oncology Doctors in Jaipur

NavBook Appt.WhatsappWhatsappCall Now