लिवर डिटॉक्स: प्राकृतिक रूप से लिवर साफ करने के लिए उपाय
Home >Blogs >लिवर डिटॉक्स: प्राकृतिक रूप से लिवर साफ करने के लिए उपाय

लिवर डिटॉक्स: प्राकृतिक रूप से लिवर साफ करने के लिए उपाय

Table of Contents

Summary

  • लिवर को स्वस्थ रखने के लिए आपको किसी डॉक्टर की डिग्री की ज़रूरत नहीं है। आपकी छोटी-छोटी आदतों और सही खानपान के कॉम्बिनेशन से आप खुद को और लिवर को स्वस्थ रख सकते हैं।
  • लिवर हमारे शरीर में एक नेचुरल फिल्टर की तरह काम करता है। लिवर डिटॉक्स क्या है, इसे आसान भाषा में समझें तो यह अपने इस फिल्टर की सर्विसिंग करने जैसा है ताकि वह शरीर से गंदगी (टॉक्सिन्स) बेहतर तरीके से निकाल सके।
  • यदि आप थकान, पाचन में गड़बड़ी या त्वचा की समस्याओं का सामना कर रहे हैं, तो लिवर डिटॉक्स ड्रिंक और लिवर डिटॉक्स घरेलू उपाय आपके लिए संजीवनी साबित हो सकते हैं।
  • लिवर खुद को ठीक करने की क्षमता रखता है, बस हमें उसे सही पोषण और स्वस्थ जीवन शैली देने की जरूरत है

यदि आज हम ऐसे कुछ लोगों का चुनाव करें जो या तो कॉलेज जाते हैं या फिर अपने घर से दूर किसी दूसरे शहर में ऑफिस या स्टडी के लिए रहते हैं और उनके लिवर की जांच कराएं, तो हमें ये परिणाम मिलेगा कि उनमें से अधिकतर लोगों में लिवर की समस्या है। कोई ग्रेड 1 फैटी लिवर से ग्रस्त तो कोई ग्रेड 3। सच तो यह है कि हमारी बिगड़ती लाइफस्टाइल ही लिवर की दुश्मन बन गई है। इस तेज जीवन में हम अपनों का ख्याल रख लेते हैं, लेकिन हम अपने लिवर को नज़रअंदाज कर देते हैं, जो हमारे शरीर का फिल्टर सिस्टम है। 

अक्सर हम बाहर से सुंदर दिखने के लिए महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स पर हजारों रुपये खर्च कर देते हैं, लेकिन शरीर के अंदरूनी फिल्टर की सफाई यानी लिवर डिटॉक्स के बारे में सोचना भूल जाते हैं। यदि आपको बार-बार थकान महसूस होती है, पेट फूलने की समस्या रहती है या आपकी त्वचा अपनी चमक खो रही है, तो यह संकेत हो सकता है कि आपके लिवर को 'रीसेट' करने की जरूरत है। इस ब्लॉग में हम विस्तार से समझेंगे कि लिवर को स्वस्थ रखना क्यों जरूरी है और घर पर ही लिवर डिटॉक्स कैसे करें। यदि आपको लिवर की समस्या के लक्षण बहुत ज्यादा दिखते हैं, तो बिना देर किए हमारे अनुभवी गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट विशेषज्ञों से मिलें और इलाज के सभी विकल्पों पर विचार करें।

लिवर डिटॉक्स क्या है?

बहुत से लोग मुझसे पूछते हैं कि लिवर डिटॉक्स क्या होता है? साधारण शब्दों में कहें तो लिवर डिटॉक्स एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसमें आप अपने खान-पान और जीवनशैली में सुधार करके लिवर पर पड़ने वाले बोझ को कम करते हैं। वैसे तो लिवर प्राकृतिक रूप से खुद को साफ करने में सक्षम है, लेकिन जब हम बहुत अधिक तला-भुना, शराब या प्रोसेस्ड फूड खाते हैं, तो लिवर की यह क्षमता धीमी पड़ जाती है।

लिवर डिटॉक्स के फायदे केवल लिवर तक सीमित नहीं हैं। जब आपका लिवर सही से काम करता है, तो आपका मेटाबॉलिज्म सुधरता है, वजन घटाने में मदद मिलती है और आपकी एनर्जी का स्तर भी काफी बढ़ जाता है। यह एक तरह से शरीर की 'डीप क्लीनिंग' प्रक्रिया है।

लिवर को नुकसान पहुंचाने वाले सामान्य कारण

इससे पहले कि हम यह जानें कि अपने लिवर को डिटॉक्स कैसे करें, हमें यह समझना होगा कि आखिर लिवर खराब क्यों होता है?

  • अत्यधिक शराब का सेवन: यह लिवर कोशिकाओं को नष्ट कर देता है और सिरोसिस जैसी गंभीर बीमारी का कारण बनता है।
  • गलत खान-पान: हाई शुगर, मैदा और सैचुरेटेड फैट का अधिक सेवन 'फैटी लिवर' की समस्या पैदा करता है। नॉन-एल्कोहोलिक फैटी लिवर एल्कोहोलिक फैटी लिवर से ज्यादा खतरनाक है।
  • दवाइयों का बोझ: बिना डॉक्टर की सलाह के पेनकिलर या एंटीबायोटिक लेना लिवर पर सीधा असर डालता है।
  • मोटापा और सुस्ती: शारीरिक सक्रियता की कमी से लिवर में फैट जमा होने लगता है, जिसके कारण लिवर को अपना काम करने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। 
  • प्रदूषण और टॉक्सिन्स: हमारे आस-पास मौजूद हानिकारक केमिकल्स और पेस्टिसाइड्स युक्त भोजन भी लिवर को थका देते हैं।

प्राकृतिक तरीके से लिवर को साफ रखने के उपाय

अगर आप सोच रहे हैं कि लिवर डिटॉक्स कैसे करें, तो इस प्रश्न का उत्तर आपकी रसोई में मौजूद है। प्रकृति ने हमें ऐसे कई तत्व दिए हैं, जो लिवर की कोशिकाओं को रिकवर करने में मदद करते हैं। चलिए इसे सरल तरीकों से समझने का प्रयास करते हैं। 

लिवर डिटॉक्स ड्रिंक (Liver Detox Drink)

सुबह खाली पेट कुछ खास ड्रिंक लेने से लिवर को रिकवर होने में बड़ी मदद मिलती है जैसे कि - 

  • गुनगुना पानी और नींबू: यह सबसे सरल और प्रभावी उपाय है। नींबू में मौजूद विटामिन-सी लिवर को एंजाइम बनाने में मदद करता है।
  • हल्दी वाली चाय: हल्दी में 'करक्यूमिन' होता है जो सूजन कम करने और लिवर को साफ करने में रामबाण है।
  • धनिया और अजवाइन: इन दोनों को पानी में एक रात पहले भिगो दें और सुबह उसे छान लें और हल्का नींबू डाल कर पीएं। ये डायरेक्ट लिवर को मदद नहीं करता लेकिन शरीर से हानिकारक पदार्थों को निकालता है और पूरे शरीर की कार्यक्षमता को दुरुस्त रखता है।

लिवर डिटॉक्स घरेलू उपाय (Natural Home Remedies)

  • लहसुन: आपके किचन में मौजूद लहसुन में एलिसिन और सेलेनियम होते हैं, जो लिवर को सक्रिय करते हैं।
  • आंवला: आयुर्वेद में आंवला को लिवर का सबसे बड़ा दोस्त माना गया है। यह शरीर से जहरीले पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करता है।

लिवर हेल्थ के लिए सही डाइट और फूड्स

एक अच्छी डाइट ही आपके लिवर की सबसे अच्छी दोस्त है। लिवर को पोषण देने के लिए अपनी थाली में इन चीजों को जरूर शामिल करें - 

  • हरी पत्तेदार सब्जियां: पालक, मेथी और ब्रोकली में क्लोरोफिल होता है, जो खून से जहरीले तत्वों को सोख लेता है। आप ये कह सकते हैं कि ये सब्जियां खून को साफ करने का भी कार्य करती है। 
  • चुकंदर (Beets): यह लिवर की कोशिकाओं की मरम्मत करता है और ब्लड फ्लो को सुधारता है। इसका एक लाभ और ये है कि इससे ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में भी मदद मिलती है। 
  • कॉफी और ग्रीन टी: रिसर्च बताती है कि संतुलित मात्रा में ब्लैक कॉफी का सेवन लिवर कैंसर और सिरोसिस के जोखिम को कम कर सकता है। यदि आप हाई बीपी के शिकार हैं, तो इससे दूरी ही बनाएं। 
  • अखरोट: इसमें ओमेगा-3 फैटी एसिड और ग्लूटाथियोन होता है, जो लिवर की सफाई में मदद करता है।

किन आदतों से लिवर पर बुरा असर पड़ता है?

अक्सर हम अनजाने में कुछ ऐसी गलतियां करते हैं, जो हमारे लिवर को धीरे-धीरे बीमार बना देते हैं - 

  • देर रात तक जागना: लिवर रात के समय सबसे ज्यादा रिपेयरिंग का काम करता है। नींद की कमी इस प्रक्रिया में बाधा डालती है। कम से कम 7-8 घंटे की नींद लें।
  • कम पानी पीना: पानी की कमी से टॉक्सिन शरीर से बाहर नहीं निकल पाते। टारगेट रखें कि कम से कम 3-4 लीटर पानी पीएं।
  • प्रोसेस्ड शुगर का इस्तेमाल: कोल्ड ड्रिंक्स और मिठाइयां लिवर में फैट जमा करती हैं। इन्हें आप खा सकते हैं लेकिन इनकी मात्रा को सीमित करें।
  • लिवर डिटॉक्स सिरप का अंधाधुंध इस्तेमाल: बाजार में बिकने वाले कई लिवर डिटॉक्स सिरप बिना डॉक्टरी सलाह के लेने पर नुकसानदायक भी हो सकते हैं। हमेशा विश्वसनीय और प्राकृतिक स्रोतों पर ही भरोसा करें और खुद ही दवा न लें।

कब लिवर से जुड़ी समस्या के लिए डॉक्टर से मिलें?

हालांकि लिवर डिटॉक्स घरेलू उपाय बहुत प्रभावी होते हैं, लेकिन कुछ लक्षण दिखने पर आपको तुरंत विशेषज्ञ की सलाह लेनी चाहिए। सीके बिरला अस्पताल (CMRI) के विशेषज्ञों के अनुसार, अगर आपको निम्नलिखित लक्षण दिखें, तो देरी न करें - 

  • आंखों और त्वचा का पीला पड़ना (पीलिया)।
  • पेट के दाहिने ऊपरी हिस्से में लगातार दर्द या भारीपन।
  • पैरों और टखनों में सूजन।
  • गहरे रंग का पेशाब।
  • अचानक वजन कम होना या भूख न लगना।

लिवर की बीमारियां शुरुआती दौर में 'साइलेंट' होती हैं, इसलिए समय-समय पर 'लिवर फंक्शन टेस्ट' (LFT) करवाना एक समझदारी भरा कदम है।

निष्कर्ष

लिवर हमारे शरीर का एक ऐसा योद्धा है, जो बिना रुके हमारे खून को साफ करता है और हमें ऊर्जा देता है। इसे स्वस्थ रखना हमारी जिम्मेदारी है। सिर्फ ब्लॉग को पढ़ने से लिवर को डिटॉक्स नहीं किया जा सकता है। इसके लिए आपको एक्शन लेना होगा। अपनी डाइट में सुधार करें, शराब से दूरी बनाएं और रोजाना कम से कम 30 मिनट व्यायाम करें। याद रखें, एक स्वस्थ लिवर ही एक लंबी और खुशहाल जिंदगी की बुनियाद है और यदि आपको लगातार समस्या हो रही है और लक्षण आपको लगातार परेशान कर रहे हैं, तो बिना देर किए हमारे अनुभवी विशेषज्ञों से मिलें और इलाज लें।

अधिकतर पूछे जाने वाले प्रश्न

लिवर को साफ करने के लिए क्या खाना चाहिए?

लिवर की सफाई के लिए हरी सब्जियां (पालक, ब्रोकली), चुकंदर, लहसुन, आंवला, हल्दी और अखरोट का सेवन करें। भरपूर पानी पिएं और फलों में पपीता और अंगूर को शामिल करें। ये खाद्य पदार्थ टॉक्सिन्स को बाहर निकालने में मदद करते हैं।

क्या घरेलू उपाय से लिवर डिटॉक्स हो सकता है?

हां, शुरुआती स्तर पर और लिवर को स्वस्थ बनाए रखने के लिए घरेलू उपाय जैसे कि नींबू पानी, हल्दी का दूध, और संतुलित आहार बेहद प्रभावी होते हैं। हालांकि, गंभीर समस्या होने पर डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।

क्या लिवर खुद को ठीक कर सकता है?

लिवर मानव शरीर का एकमात्र ऐसा अंग है जिसमें खुद रिकवर होने की अद्भुत क्षमता है। यदि आप समय रहते बुरी आदतें छोड़ दें और सही डाइट लें, तो लिवर खुद की मरम्मत कर सकता है।

कौन सी आदतें लिवर को नुकसान पहुंचाती हैं?

शराब का अधिक सेवन, बाहर का जंक फूड, अधिक चीनी, पर्याप्त नींद न लेना, तनाव और बिना सोचे-समझे दवाइयां (पेन किलर) खाना लिवर को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाता है। प्रयास करें, पैकेट और डिब्बाबंद भोजन का सेवन न करें।

क्या डिटॉक्स ड्रिंक फायदेमंद होते हैं?

प्राकृतिक डिटॉक्स ड्रिंक जैसे गुनगुना नींबू पानी या ग्रीन टी मेटाबॉलिज्म को तेज करते हैं और लिवर के काम को आसान बनाते हैं। लेकिन इन्हें संतुलित आहार के साथ ही लेना चाहिए, न कि केवल इनके भरोसे रहना चाहिए।

लिवर को स्वस्थ रखने के लिए क्या दिनचर्या होनी चाहिए?

सुबह जल्दी उठकर गुनगुना पानी पिएं, 30 मिनट व्यायाम करें, घर का बना पौष्टिक भोजन लें, चीनी और नमक का सेवन कम करें और कम से कम 7-8 घंटे की गहरी नींद लें।

Written and Verified by:

Dr. Ajay Mandal

Dr. Ajay Mandal

Consultant - GI & Hepato-Biliary Surgeon Exp: 27 Yr

Gastro Sciences

Book an Appointment

Dr. Ajay Mandal is a Consultant GI & Hepato-Biliary Surgeon at CMRI Hopsital, Kolkata, with over 20 years of experience. He specializes in liver, pancreatic, and colorectal cancers, performing complex surgeries including laparoscopic and robotic procedures.

Related Diseases & Treatments

Treatments in Kolkata

Gastro Sciences Doctors in Kolkata

NavBook Appt.WhatsappWhatsappCall Now