क्या धूम्रपान से ब्लैडर कैंसर का खतरा बढ़ता है? जोखिम, शुरुआती लक्षण और बचाव
Home >Blogs >क्या धूम्रपान से ब्लैडर कैंसर का खतरा बढ़ता है? जोखिम, शुरुआती लक्षण और बचाव

क्या धूम्रपान से ब्लैडर कैंसर का खतरा बढ़ता है? जोखिम, शुरुआती लक्षण और बचाव

Oncology | by Dr. Sayoni Bhanja on 11/08/2026

Summary

  • धूम्रपान दुनिया भर में लगभग आधे ब्लैडर कैंसर मामलों की वजह है, और धूम्रपान करने वालों में यह खतरा चार गुना तक ज्यादा होता है।
  • धुएं में मौजूद हानिकारक रसायन खून के ज़रिए किडनी से छनकर पेशाब में पहुंचते हैं और मूत्राशय की परत को नुकसान पहुंचाते हैं।
  • पेशाब में खून आना सबसे पहला और सबसे आम लक्षण है, जिसे कभी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
  • धूम्रपान के अलावा रासायनिक संपर्क, पुराना यूरिन इन्फेक्शन और फैमिली हिस्ट्री भी जोखिम बढ़ा सकते हैं।
  • सिस्टोस्कोपी, यूरिन टेस्ट, इमेजिंग और बायोप्सी से सटीक निदान किया जाता है।
  • धूम्रपान छोड़ना सबसे असरदार बचाव है, और यह मूत्राशय के साथ-साथ हृदय स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद है।

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के आंकड़ों के अनुसार, भारत में हर साल 50,000 से ज़्यादा लोग ब्लैडर कैंसर से प्रभावित होते हैं, और यह दुनिया भर में पाए जाने वाले सबसे आम कैंसर की सूची में दसवें स्थान पर आता है, जो इसे और भी ज्यादा खतरनाक बनाता है। इसके बावजूद, इस विषय पर खुलकर बात कम ही होती है, क्योंकि पेशाब से जुड़े लक्षणों को लोग अक्सर शर्म के चलते नजरअंदाज कर देते हैं या मामूली इन्फेक्शन समझकर टाल देते हैं। यह देरी बीमारी को आगे बढ़ने का मौका दे देती है।

इस ब्लॉग में हम विस्तार से समझेंगे कि आखिर धूम्रपान और ब्लैडर कैंसर के बीच क्या संबंध है, इसके शुरुआती लक्षण क्या है, कौन-कौन से अन्य कारण इसके पीछे जिम्मेदार हो सकते हैं, और बचाव के लिए क्या किया जा सकता है। अगर आपको पेशाब में खून आना या इससे जुड़ी कोई भी असामान्य तकलीफ महसूस हो रही है, तो देर न करें, हमारे अनुभवी ब्लैडर कैंसर के विशेषज्ञों से अभी अपॉइंटमेंट बुक करें और समय रहते सही जांच कराएं।

क्या धूम्रपान से ब्लैडर कैंसर का खतरा बढ़ता है?

इसका जवाब स्पष्ट रूप से हां है, और यह सिर्फ एक आम धारणा नहीं बल्कि व्यापक वैज्ञानिक रिसर्च पर आधारित तथ्य है। कैंसर रिसर्च यूके के अनुसार, दुनिया भर में होने वाले लगभग आधे ब्लैडर कैंसर के मामलों के पीछे धूम्रपान ज़िम्मेदार होता है, और जो लोग धूम्रपान करते हैं, उनमें कभी धूम्रपान न करने वालों की तुलना में ब्लैडर कैंसर का खतरा चार गुना तक ज्यादा पाया गया है। यही कारण है कि हम भी हर तरफ चेतावनी देखते हैं कि धूम्रपान छोड़ें। 

इसके पीछे के कारण को समझना ज़रूरी है। जब कोई व्यक्ति सिगरेट, बीड़ी या हुक्का पीता है, तो धुएं में मौजूद हानिकारक केमिकल, जिनमें एरिलामाइन्स (Arylamines) जैसे तत्व शामिल हैं, खून में मिल जाते हैं। यह केमिकल किडनी द्वारा खून से छानकर पेशाब में पहुंचा दिए जाते हैं, और जब पेशाब कुछ समय के लिए मूत्राशय में जमा रहता है, तो यह विषैले तत्व सीधे मूत्राशय की भीतरी परत के संपर्क में आते हैं। समय के साथ यह बार-बार का संपर्क मूत्राशय की कोशिकाओं में असामान्य बदलाव यानी कैंसर की शुरुआत का कारण बन सकता है।

जो लोग कम उम्र से धूम्रपान शुरू करते हैं, ज़्यादा मात्रा में और लंबे समय तक धूम्रपान करते हैं, उनमें यह खतरा सबसे अधिक होता है। यह भी ध्यान रखने वाली बात है कि सिर्फ सिगरेट ही नहीं, बीड़ी, हुक्का और चबाने वाला तंबाकू भी इस जोखिम को उतनी ही गंभीरता से बढ़ाते हैं।

ब्लैडर कैंसर के शुरुआती लक्षण क्या हैं?

ब्लैडर कैंसर के लक्षण शुरुआत में इतने मामूली लग सकते हैं कि उन्हें आम यूरिन इन्फेक्शन समझकर नजरअंदाज कर दिया जाता है। इन्हें पहचानना और समय पर जांच कराना बेहद जरूरी है - 

Early symptoms of bladder cancer

  • पेशाब में खून आना (Hematuria): यह ब्लैडर कैंसर का सबसे पहला और सबसे आम संकेत है। पेशाब का रंग हल्का गुलाबी, गहरा लाल या भूरा हो सकता है, और यह जरूरी नहीं कि हर बार दर्द के साथ आए।
  • बार-बार पेशाब आना: खासकर अगर यह बदलाव अचानक शुरू हुआ हो और सामान्य से ज़्यादा महसूस हो।
  • पेशाब करते समय जलन या दर्द: यह लक्षण यूरिन इन्फेक्शन जैसा भी लग सकता है, इसलिए इसे नजरअंदाज न करें। अगर यह बार-बार लौट रहा हो, तो इसे बिल्कुल भी नजरअंदाज न करें।
  • पेशाब रोकने में कठिनाई या पेशाब का प्रवाह कमजोर होना: यह संकेत हो सकता है कि मूत्राशय में कोई रुकावट बन रही है।
  • पीठ के निचले हिस्से में दर्द: यह अक्सर बीमारी के आगे बढ़ने पर महसूस होता है।
  • बिना किसी वजह के वजन कम होना और लगातार थकान: ये सामान्य कैंसर से जुड़े संकेत हैं और इस प्रकार के लक्षण को तो बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है।

यहां एक बात बेहद ज़रूरी है, पेशाब में खून दिखना हमेशा ब्लैडर कैंसर का मतलब नहीं होता, यह यूरिन इन्फेक्शन, किडनी स्टोन या अन्य कारणों से भी हो सकता है। लेकिन किसी भी स्थिति में इन लक्षणों को कभी भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, इसकी वजह जानने के लिए जांच कराना जरूरी है।

ब्लैडर कैंसर के अन्य जोखिम कारक: क्या केवल धूम्रपान ही जिम्मेदार है?

धूम्रपान सबसे बड़ा जोखिम कारक ज़रूर है, लेकिन ब्लैडर कैंसर के कारण इसी तक सीमित नहीं हैं। कुछ और कारक भी इस बीमारी के खतरे को बढ़ा सकते हैं, जैसे कि - 

  • कार्यस्थल पर रासायनिक तत्वों का संपर्क: डाई, रबर, टेक्सटाइल और पेंट जैसे उद्योगों में काम करने वाले लोग अक्सर एरोमैटिक एमाइन्स जैसे रसायनों के संपर्क में आते हैं, जिनका असर सालों बाद, कभी-कभी 30 से 40 साल बाद भी दिख सकता है।
  • पुराने या बार-बार होने वाले यूरिन इन्फेक्शन: लंबे समय तक चलने वाला मूत्राशय संक्रमण या पैरासाइट इंफेक्शन जैसे शिस्टोसोमियासिस, मूत्राशय की कोशिकाओं में सूजन बढ़ाकर कैंसर के खतरे को बढ़ा सकता है।
  • उम्र और लिंग: 55 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों में यह बीमारी ज्यादा देखी जाती है, और धूम्रपान व रासायनिक संपर्क के अधिक चलन के कारण यह महिलाओं की तुलना में पुरुषों में अधिक पाई जाती है।
  • फैमिली मेडिकल हिस्ट्री: अगर परिवार में किसी करीबी रिश्तेदार को ब्लैडर कैंसर रहा हो, तो खतरा थोड़ा बढ़ जाता है, जिसका एक कारण कॉमन आदतें जैसे कि धूम्रपान भी हो सकता है।
  • लंबे समय तक यूरिनरी कैथेटर का इस्तेमाल और पहले हुई रेडियोथेरेपी: यह दोनों स्थितियां भी मूत्राशय की कोशिकाओं पर दीर्घकालिक असर डाल सकती हैं।

ब्लैडर कैंसर की जांच कैसे होती है?

अगर लक्षणों के आधार पर डॉक्टर को ब्लैडर कैंसर की आशंका होती है, तो निदान के लिए कई जांच एक साथ की जाती हैं जैसे कि - 

  • यूरिन टेस्ट: पेशाब में खून, संक्रमण या असामान्य कोशिकाओं की मौजूदगी जांचने के लिए यूरिन एनालिसिस और यूरिन साइटोलॉजी की जाती है।
  • सिस्टोस्कोपी: यह सबसे अहम जांच मानी जाती है, जिसमें एक पतली, लचीली ट्यूब जिसके सिरे पर कैमरा लगा होता है, मूत्रमार्ग के ज़रिए मूत्राशय के अंदर डाली जाती है, ताकि भीतरी परत को सीधे देखा जा सके।
  • इमेजिंग टेस्ट: CT यूरोग्राम या अल्ट्रासाउंड की मदद से मूत्राशय और आस-पास के अंगों की संरचना को विस्तार से देखा जाता है।
  • बायोप्सी: अगर सिस्टोस्कोपी के दौरान कोई असामान्य टिश्यू दिखता है, तो उसका एक छोटा सैंपल लेकर माइक्रोस्कोप के तहत जांचा जाता है, ताकि कैंसर की पुष्टि और उसकी स्टेज का पता लगाया जा सके।

ब्लैडर कैंसर से बचाव के लिए कौन से कदम उठाए जा सकते हैं?

ब्लैडर कैंसर से बचाव के लिए सबसे प्रभावी और सबसे ज़्यादा असर डालने वाला कदम है धूम्रपान से पूरी तरह दूरी बनाना। इसके अतिरिक्त कुछ और आदतें भी जोखिम को काफी हद तक कम कर सकती हैं जैसे कि - 

  • धूम्रपान और तंबाकू के हर रूप, चाहे वह सिगरेट हो, बीड़ी हो या हुक्का, से पूरी तरह बचें।
  • यदि आप ऐसे उद्योग में काम करते हैं, जहां रासायनिक तत्वों का संपर्क होता है, तो सुरक्षा उपकरणों का पूरी तरह इस्तेमाल करें।
  • पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, ताकि मूत्राशय में विषैले तत्वों के जमा होने का समय कम हो।
  • ताज़े फल और सब्ज़ियों से भरपूर संतुलित आहार लें, जो शरीर को एंटीऑक्सीडेंट प्रदान करता है।
  • यूरिन इन्फेक्शन जैसे किसी भी लक्षण को लंबे समय तक नजरअंदाज न करें, समय पर इलाज कराएं।

यह ध्यान रखना जरूरी है कि धूम्रपान का नुकसान सिर्फ मूत्राशय तक सीमित नहीं है, यह हृदय की धमनियों को भी नुकसान पहुंचाकर हार्ट अटैक और स्ट्रोक के खतरे को भी काफी हद तक बढ़ा देता है। यही वजह है कि धूम्रपान छोड़ने का फैसला एक साथ मूत्राशय, फेफड़ों और दिल, तीनों की सेहत की दिशा में एक बड़ा कदम बन जाता है। कोलकाता में रहने वाले लोगों के लिए, अगर ब्लैडर कैंसर या इससे जुड़ी किसी भी शंका के साथ-साथ हृदय स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता हो, तो CMRI जैसे मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल में यूरोलॉजी और कार्डियोलॉजी दोनों विशेषज्ञताओं की टीम एक साथ उपलब्ध होने से समग्र जांच और देखभाल मिलना आसान हो जाता है।

निष्कर्ष

धूम्रपान और ब्लैडर कैंसर के बीच का संबंध वैज्ञानिक रूप से स्पष्ट और गंभीर है, फिर भी यह एक ऐसा विषय है जिस पर खुलकर बात कम होती है। पेशाब में खून आना, बार-बार पेशाब आना या पेशाब में जलन जैसे लक्षणों को शर्म या झिझक के चलते नजरअंदाज न करें। समय पर पहचान और सही जांच से इस बीमारी का इलाज कहीं ज़्यादा असरदार साबित होता है।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs)

धूम्रपान छोड़ने के कुछ साल बाद ही ब्लैडर कैंसर का खतरा घटना शुरू हो जाता है, और समय के साथ यह उन लोगों के जोखिम स्तर के करीब पहुंच सकता है जिन्होंने कभी धूम्रपान नहीं किया।

Written and Verified by:

Dr. Sayoni Bhanja

Dr. Sayoni Bhanja

Consultant Medical Oncologist Exp: 13 Yr

Oncology

Book an Appointment

Dr. Sayoni Bhanja is a highly skilled Medical Oncologist at CMRI Hospital with over a decade of experience in evidence-based cancer therapy and patient-focused care.

Related Diseases & Treatments

Treatments in Kolkata

Oncology Doctors in Kolkata

NavBook Appt.WhatsappWhatsappCall Now