माइक्रोनीडलिंग क्या है? झुर्रियों और एक्ने दाग हटाने का असरदार इलाज
Home >Blogs >माइक्रोनीडलिंग क्या है? झुर्रियों और एक्ने दाग हटाने का असरदार इलाज

माइक्रोनीडलिंग क्या है? झुर्रियों और एक्ने दाग हटाने का असरदार इलाज

Dermatology | by Dr. Asma Akhlaq on 23/12/2025 | Last Updated : 26/12/2025

Table of Contents

Summary

माइक्रोनीडलिंग सिर्फ झुर्रियों और निशानों का इलाज नहीं है, बल्कि यह त्वचा के संपूर्ण कायाकल्प (rejuvenation) की प्रक्रिया है। यह कोलेजन बूस्ट कर एक्ने स्कार्स, पिग्मेंटेशन और ओपन पोर्स जैसी समस्याओं को जड़ से खत्म करता है। साथ ही, यह स्ट्रेच मार्क्स को कम करने और त्वचा के लचीलेपन को बढ़ाने में भी सक्षम है, जिससे आपको मिलती है एक टाइट, स्मूथ और रेडिएंट स्किन।

क्या आप भी सुबह आईने में अपना चेहरा देखते समय त्वचा पर पड़े मुंहासों के पुराने जिद्दी दाग, बढ़ती उम्र की झुर्रियां या बेजान त्वचा को देखकर निराश महसूस करते हैं? यकीन मानिए, आप इस कतार में अकेले नहीं हैं। हम सभी चाहते हैं कि हमारी त्वचा हमेशा चमकदार और जवां दिखे, लेकिन प्रदूषण, तनाव और उम्र का असर इसे छीन लेता है। 

अनगिनत क्रीम और घरेलू नुस्खे आजमाने के बाद भी जब मनचाहा रिजल्ट नहीं दिखता, तो मन उदास होना स्वाभाविक है। लेकिन क्या होगा अगर हम आपसे कहें कि त्वचा की अपनी ही 'हीलिंग पावर' को जगाकर उसे दोबारा नया जैसा बनाया जा सकता है? जी हां, माइक्रोनीडलिंग आज के दौर का वह स्किन ट्रीटमेंट हैं, जिसने दुनिया भर में लाखों लोगों को उनका खोया हुआ आत्मविश्वास वापस दिया है। इस ब्लॉग में, हम इस प्रक्रिया की हर परत को खोलेंगे और जानेंगे कि यह आपके लिए कैसे वरदान साबित हो सकता है।

माइक्रोनीडलिंग क्या है और यह कैसे काम करती है?

माइक्रोनीडलिंग, जिसे मेडिकल भाषा में 'कोलेजन इंडक्शन थेरेपी' (Collagen Induction Therapy - CIT) भी कहा जाता है, एक डर्मेटोलॉजिकल प्रक्रिया है। आसान शब्दों में कहा जाए तो यह त्वचा को 'धोखा' देकर उसे खुद को ठीक करने के लिए मजबूर करने का एक तरीका है।

इस प्रक्रिया में एक विशेष डिवाइस (जैसे डर्मापेन या डर्मा रोलर) का उपयोग किया जाता है, जिसमें बहुत ही बारीक और छोटी सुइयां (needles) होती हैं। ये सुइयां आपकी त्वचा की ऊपरी परत पर नियंत्रित रूप से बहुत छोटे-छोटे छेद करती हैं। सुनने में यह थोड़ा डरावना लग सकता है, लेकिन यह पूरी तरह से सुरक्षित और नियंत्रित होता है। रिसर्च में पाया गया है कि एक माइक्रोनीडलिंग सत्र के बाद कोलेजन उत्पादन में 400% तक की वृद्धि हो सकती है, जो इसकी प्रभावी क्षमता को दर्शाता है।

यह काम कैसे करता है?

जब त्वचा पर यह छोटे-छोटे घाव बनते हैं, तो हमारे शरीर का प्राकृतिक रक्षा तंत्र सक्रिय हो जाता है। शरीर को लगता है कि उसे चोट लगी है, और वह उसे ठीक करने के लिए तुरंत काम पर लग जाता है। इस 'रिपेयर मोड' के दौरान, शरीर भारी मात्रा में कोलेजन (Collagen) और इलास्टिन (Elastin) का उत्पादन करता है, जिसका जिक्र हम पहले कर चुके हैं। 

  • कोलेजन: इसका कार्य हमारी त्वचा को मजबूत बनाना और चमकदार बनाना है।
  • इलास्टिन: इसकी मदद से त्वचा में लचीलापन आता है।

जैसे-जैसे नई त्वचा बनती है, वह पुरानी त्वचा की तुलना में अधिक मोटी, मजबूत और समान रंगत वाली होती है। यही कारण है कि माइक्रोनीडलिंग फायदे में सबसे ऊपर स्किन रेजुवेनेशन या स्किन रिपेयर आता है।

झुर्रियों, एक्ने दाग और पिगमेंटेशन पर माइक्रोनीडलिंग के फायदे

माइक्रोनीडलिंग के लाभ केवल एक समस्या तक सीमित नहीं हैं। यह एक 'ऑल-इन-वन' समाधान की तरह काम करता है। आइए विस्तार से जानते हैं कि यह किन प्रमुख समस्याओं पर कैसे असर करता है - 

  • माइक्रोनीडलिंग से झुर्रियां हटाना (Anti-Aging Solution): उम्र के साथ हमारे शरीर में कोलेजन का निर्माण कम होता है, जिससे त्वचा लटकने लगती है और झुर्रियां आने लगती हैं। माइक्रोनीडलिंग से झुर्रियां हटाना अब बहुत आसान हो गया है क्योंकि यह प्रक्रिया सीधे कोलेजन के निर्माण को बढ़ावा देती है, जो नई त्वचा की कोशिकाओं को बनाता है। 
  • माइक्रोनीडलिंग से एक्ने के दाग का इलाज (Acne Scars Treatment): मुंहासे तो चले जाते हैं, लेकिन पीछे छोड़ जाते हैं गहरे गड्ढे या दाग, जिन्हें अंग्रेजी में एट्रोफिक स्कार्स (Atrophic Scars) कहा जाता है। माइक्रोनीडलिंग से एक्ने के दाग का इलाज बेहद प्रभावी माना जाता है। जब सुइयां इन दाग वाले ऊतकों को तोड़ती हैं, तो शरीर वहां नई और स्वस्थ त्वचा का निर्माण करता है और त्वचा ठीक होने लगती है।
  • हाइपरपिग्मेंटेशन और मेलाज्मा (Pigmentation & Melasma): सूरज की हानिकारक किरणें या हार्मोनल बदलाव त्वचा पर काले धब्बे या झाइयां पैदा कर सकते हैं। माइक्रोनीडलिंग त्वचा की ऊपरी परत को रिन्यू (renew) करती है और मेलेनिन (melanin) के जमाव को तोड़ती है जिससे चमक बढ़ती है।
  • बड़े रोमछिद्रों को छोटा करना (Pore Size Reduction): कोलेजन के बढ़ने से रोमछिद्रों के आसपास की त्वचा में कसाव आता है, जिससे खुले हुए बड़े रोमछिद्र (Open Pores) छोटे दिखने लगते हैं।
  • स्ट्रेच मार्क्स में कमी (Stretch Marks): सिर्फ चेहरा ही नहीं, शरीर के अन्य हिस्सों पर भी माइक्रोनीडलिंग का उपयोग स्ट्रेच मार्क्स को कम करने के लिए किया जा सकता है।

किन लोगों को माइक्रोनीडलिंग करानी चाहिए?

यह सवाल बहुत महत्वपूर्ण है कि क्या यह ट्रीटमेंट आपके लिए सही है? अच्छी खबर यह है कि माइक्रोनीडलिंग स्किन ट्रीटमेंट लेजर ट्रीटमेंट की तरह त्वचा के रंग पर निर्भर नहीं करता। यह डार्क और लाइट, दोनों तरह की स्किन टोन के लिए सुरक्षित है।

यदि आपकी उम्र 20 से 30 साल की है और आपको एक्ने स्कार्स या बड़े रोमछिद्रों की समस्या है, तो आप इस प्रक्रिया करा सकते हैं। वहीं 30 से 50 साल के लोगों के लिए यह प्रक्रिया एंटी-एजिंग, स्किन टाइटनिंग और झुर्रियों को कम करने के लिए प्रभावी साबित हो सकती है। वहीं दूसरी तरफ यह प्रक्रिया तैलीय (Oily), ड्राई और सामान्य त्वचा वाले सभी लोगों के लिए उपयुक्त है। हालांकि, यदि आपकी त्वचा ज्यादा संवेदनशील है, तो पहले पैच टेस्ट जरूरी है।

जिनके मुंहासे या पिंपल है, तो वह इसे न करें, क्योंकि इससे संक्रमण हो सकता है। इसके अतिरिक्त जिनके घाव बहुत देर में भरते हैं, वह भी इससे दूर रहें। एक्जिमा (Eczema) या सोरायसिस से पीड़ित लोगों को भी इस प्रक्रिया से दूर रहने की सलाह दी जाती है। यदि आपको इसके अतिरिक्त कोई और भी जानकारी चाहिए, तो आप हमारे अनुभवी विशेषज्ञों से परामर्श ले सकते हैं और उनसे अपने सवालों के जवाब मांग सकते हैं।

माइक्रोनीडलिंग प्रक्रिया कैसे होती है?

बहुत से लोग सुई का नाम सुनकर डर जाते हैं, लेकिन आधुनिक डर्मेटोलॉजी में इस प्रक्रिया में दर्द कम ही होता है। आइए जानते हैं क्लिनिक में यह प्रक्रिया कैसे होती है - 

  • परामर्श (Consultation): सबसे पहले डर्मेटोलॉजिस्ट आपकी त्वचा की जांच करते हैं और आपकी जरूरतों के हिसाब से सुई की गहराई तय करते हैं।
  • सफाई और सुन्न करना: चेहरे को अच्छी तरह साफ किया जाता है। इसके बाद, एक अच्छी क्वालिटी की सुन्न करने वाली क्रीम लगाई जाती है। इसे लगभग 30-45 मिनट के लिए छोड़ दिया जाता है, जिससे प्रक्रिया के दौरान आपको दर्द न के बराबर महसूस हो या न हो।
  • प्रक्रिया: डॉक्टर एक डर्मापेन या रोलर का उपयोग करते हैं। इसे त्वचा पर धीरे-धीरे घुमाया जाता है। इस दौरान अक्सर हाइलूरोनिक एसिड या विटामिन सी सीरम का भी इस्तेमाल किया जाता है, ताकि यह तत्व त्वचा की गहराई तक जा सके।
  • शांत करना: प्रक्रिया खत्म होने के बाद, त्वचा थोड़ी लाल हो सकती है। डॉक्टर अक्सर एक कूलिंग मास्क या सुखदायक सीरम लगाते हैं ताकि जलन कम हो।

यह पूरी प्रक्रिया आमतौर पर 1 से 1.5 घंटे का समय लेती है, इसलिए धैर्य रखना भी बहुत ज़रूरी है। 

माइक्रोनीडलिंग के बाद क्या सावधानियां जरूरी है?

बेहतर माइक्रोनीडलिंग रिजल्ट पाने के लिए प्रक्रिया के बाद की देखभाल उतनी ही जरूरी है, जितना कि खुद ट्रीटमेंट लेना। याद रखें, आपकी त्वचा अभी 'हीलिंग मोड' में है।

  • धूप से बचें: यह सबसे महत्वपूर्ण नियम है। ट्रीटमेंट के बाद कम से कम 1 हफ्ते तक सीधी धूप से बचें और जाएं तो सन प्रोटेक्शन क्रीम लगाएं।
  • मेकअप से दूरी: प्रक्रिया के बाद कम से कम 24 से 48 घंटे तक मेकअप न करें। 
  • एक्टिव इनग्रेडिएंट्स से बचें: रेटिनॉल, अल्फा हाइड्रोक्सी एसिड (AHAs), या विटामिन सी जैसे शक्तिशाली रसायनों का उपयोग कुछ दिनों के लिए बंद कर दें।
  • हाइड्रेशन: खूब पानी पिएं और त्वचा को हाइड्रेटेड रखने के लिए डॉक्टर द्वारा सुझाया गया मॉइस्चराइजर लगाएं।
  • पसीना बहाने से बचें: जिम, सौना (Sauna) या बहुत ज्यादा पसीना बहाने वाली गतिविधियों से 2-3 दिन दूर रहें।

क्या यह घरेलू डर्मा रोलर्स से अलग है?

बाजार में मिलने वाले होम डर्मा रोलर्स और प्रोफेशनल माइक्रोनीडलिंग में जमीन-आसमान का फर्क होता है।

  • सुरक्षा: घर पर इस्तेमाल किए जाने वाले रोलर्स की सुइयां छोटी होती हैं और अगर उन्हें सही से साफ न किया जाए, तो गंभीर इन्फेक्शन हो सकता है।
  • गहराई: डॉक्टर द्वारा उपयोग किए जाने वाले उपकरण त्वचा की गहरी परतों तक पहुंचते हैं, जहां असली कोलेजन बनता है, जबकि घरेलू उपकरण केवल ऊपरी सतह को छूते हैं।
  • परिणाम: क्लिनिकल ट्रीटमेंट का असर गहरा और लंबे समय तक रहता है।

निष्कर्ष

माइक्रोनीडलिंग (Microneedling) आधुनिक त्वचा विज्ञान का एक ऐसा उपहार है, जो बिना किसी सर्जरी या भारी-भरकम डाउनटाइम के आपकी त्वचा को नया जीवन दे सकता है। चाहे आपका लक्ष्य माइक्रोनीडलिंग से झुर्रियां हटाना हो, माइक्रोनीडलिंग से एक्ने के दाग का इलाज करना हो, या बस एक स्वस्थ चमक पाना हो, यह ट्रीटमेंट एक बेहतरीन विकल्प है। क्या आप अपनी त्वचा को रिकवर करने के लिए तैयार हैं? आज ही अपने नजदीकी डर्मेटोलॉजिस्ट से अपॉइंटमेंट बुक करें और ग्लोइंग स्किन की तरफ अपना पहला कदम बढ़ाएं!

अधिकतर पूछे जाने वाले प्रश्न

माइक्रोनीडलिंग से झुर्रियां और एक्ने दाग कितने समय में कम होते हैं?

माइक्रोनीडलिंग का असर तुरंत नहीं दिखता क्योंकि कोलेजन बनने में समय लगता है। आमतौर पर, पहले सेशन के 4-6 सप्ताह बाद आपको त्वचा में सुधार दिखना शुरू होता है। एक्ने के गहरे दागों या झुर्रियों के लिए, आपको 3 से 6 सिटिंग्स (सत्रों) की आवश्यकता हो सकती है।

क्या माइक्रोनीडलिंग दर्दनाक होती है?

जी नहीं, यह प्रक्रिया दर्दनाक नहीं होती है। उपचार शुरू करने से पहले डॉक्टर त्वचा पर एक नम्बिंग क्रीम लगाते हैं, जिससे त्वचा सुन्न हो जाती है।

क्या माइक्रोनीडलिंग संवेदनशील त्वचा के लिए सुरक्षित है?

हां, माइक्रोनीडलिंग संवेदनशील त्वचा के लिए भी सुरक्षित मानी जाती है, क्योंकि यह लेजर की तरह गर्मी का उपयोग नहीं करती। 

क्या माइक्रोनीडलिंग के बाद तुरंत मेकअप किया जा सकता है?

बिल्कुल नहीं, माइक्रोनीडलिंग के बाद आपकी त्वचा के रोमछिद्र खुले होते हैं। डॉक्टरों की सलाह है कि कम से कम 24 से 48 घंटे तक मेकअप न करें।

क्या माइक्रोनीडलिंग से त्वचा पर दाग या लालपन बढ़ सकता है?

प्रक्रिया के तुरंत बाद त्वचा पर हल्का लालपन (जैसे सनबर्न हुआ हो) और हल्की सूजन सामान्य है। यह आमतौर पर 24 से 48 घंटों में अपने आप ठीक हो जाता है। यदि आप धूप से बचाव नहीं करते हैं या गंदे हाथों से चेहरा छूते हैं, तो दाग या इन्फेक्शन का खतरा हो सकता है।

क्या गर्भावस्था या स्तनपान के दौरान माइक्रोनीडलिंग कराई जा सकती है?

प्रेगनेंसी के दौरान माइक्रोनीडलिंग कराने की सलाह नहीं दी जाती है, क्योंकि शरीर में कई हार्मोनल बदलाव हो रहे होते हैं और त्वचा अधिक संवेदनशील हो सकती है। स्तनपान के दौरान यह सुरक्षित हो सकती है, लेकिन किसी भी एनेस्थेटिक क्रीम का उपयोग करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना अनिवार्य है।

Written and Verified by:

Dr. Asma Akhlaq

Dr. Asma Akhlaq

Consultant Exp: 8 Yr

Dermatology

Book an Appointment

Dr. Asma Akhlaq is a Consultant in Dermatologist Dept. at CK Birla Hospital, Jaipur, with over 7 years of experience. She specializes in treating acne, pigmentation, hair loss, eczema, and offers advanced cosmetic dermatology procedures.

Related Diseases & Treatments

Treatments in Jaipur

Dermatology Doctors in Jaipur

NavBook Appt.WhatsappWhatsappCall Now