मोतियाबिंद क्या है? शुरुआती लक्षण, कारण और इलाज की पूरी जानकारी
Home >Blogs >मोतियाबिंद क्या है? शुरुआती लक्षण, कारण और इलाज की पूरी जानकारी

मोतियाबिंद क्या है? शुरुआती लक्षण, कारण और इलाज की पूरी जानकारी

Table of Contents

Summary

  • मोतियाबिंद आंखों के प्राकृतिक लेंस का धुंधला हो जाना है, जिससे आंखों की रोशनी कम होती है।
  • इसका प्रमुख शुरुआती लक्षण रात के समय गाड़ी चलाने में दिक्कत होना है।
  • कोई भी आई ड्रॉप या दवाई मोतिया को पूरी तरह ठीक नहीं कर सकती। इसका एकमात्र और स्थायी समाधान मोतियाबिंद की सर्जरी (Cataract surgery) है।
  • आजकल फेकोइमल्सीफिकेशन (Phaco) और रोबोटिक लेजर सर्जरी के जरिए यह प्रक्रिया मात्र 10 से 15 मिनट में बिना किसी दर्द या टांके के पूरी हो जाती है।
  • मोतियाबिंद को बहुत ज्यादा पकने देना खतरनाक हो सकता है, जिससे काला मोतिया (Glaucoma) होने का खतरा बढ़ जाता है। 

क्या आप भी उन्हीं लोगों में से एक हैं, जिन्हें रात में ड्राइव करने में दिक्कत हो रही है या फिर किसी रोशनी के आस-पास कुछ ऐसी आकृतियां (Halos) दिख रही हैं, जो आपको देखने में दिक्कत दे रही है। यदि आप इसे सामान्य समझने की गलती कर रहे हैं, तो आपको ये समझना होगा कि ये मोतियाबिंद (Cataract) की दस्तक हो सकती है। 

अच्छी बात यह है कि आज मेडिकल साइंस की मदद से इस समस्या का इलाज सुरक्षित तरीके से संभव है। अपनी आँखों की अनमोल रोशनी को सुरक्षित रखने के लिए आज ही हमारे अनुभवी डॉक्टरों से परामर्श करें और सीके बिरला हॉस्पिटल (RBH), जयपुर के अनुभवी नेत्र विशेषज्ञ के साथ एक अपॉइंटमेंट बुक करें ताकि आपकी आँखों को सही और समय पर देखभाल मिल सके।

मोतियाबिंद क्या है और यह कैसे विकसित होता है?

हमारी आँख के भीतर एक प्राकृतिक और बिल्कुल पारदर्शी लेंस होता है। इस लेंस का काम ठीक वैसे ही होता है जैसे किसी कैमरे के लेंस का होता है। इस लेंस की मदद से आंख में आने वाली रोशनी सीधे आंख के पीछे वाले हिस्से यानी रेटिना पर फोकस होती है, जिसकी मदद से हम चीजों को एकदम साफ और स्पष्ट देख पाते हैं। यह प्राकृतिक लेंस पानी और प्रोटीन से मिलकर बनता है।

जैसे-जैसे हमारी उम्र बढ़ती है, या कुछ अन्य शारीरिक बदलावों के कारण, इस लेंस में मौजूद प्रोटीन आपस में जुड़कर छोटे-छोटे गुच्छे बनाने लगते हैं। शुरुआत में ये गुच्छे बहुत बारीक होते हैं, इसलिए इनका पता नहीं चलता। लेकिन धीरे-धीरे समय के साथ ये बड़े होते जाते हैं और लेंस के एक बड़े हिस्से को कवर कर लेते हैं। परिणाम यह होता है कि लेंस अपनी पारदर्शिता खोने लगता है और वो धुंधला या मटमैला हो जाता है, जो धीरे-धीरे एक परत बन जाता है, जो मोतियाबिंद होता है।

मोतियाबिंद के शुरुआती लक्षण जिन्हें नजरअंदाज न करें

अक्सर लोग सोचते हैं कि जब तक पूरी तरह दिखना बंद न हो जाए, तब तक मोतियाबिंद नहीं माना जा सकता। यह एक बहुत बड़ा भ्रम है। मोतियाबिंद चुपके से आता है और इसके लक्षण बहुत ही धीरे-धीरे विकसित होते हैं। अगर आप नीचे दिए गए शुरुआती संकेतों पर ध्यान देंगे, तो आप समय रहते सही कदम उठा सकते हैं - 

  1. लगातार धुंधला दिखना: यदि आपको चश्मा पहनने के बाद भी ऐसा महसूस होता है कि सामने की चीजें साफ नहीं हैं, तो ये एक संकेत है।
  2. रात के समय देखने में भारी परेशानी होना: मोतियाबिंद के मरीजों को रात के समय या कम रोशनी में देखने में बहुत ज्यादा दिक्कत आती है - खासकर गाड़ी चलाते समय।
  3. लाइट के चारों ओर रंगीन घेरे (Halos) दिखना: जब आप किसी बल्ब या स्ट्रीट लाइट को देखते हैं, तो उसके चारों ओर आपको एक इंद्रधनुष या घेरा जैसा बनता हुआ दिखाई दे सकता है।
  4. रंगों का फीका या पीला पड़ जाना: मोतियाबिंद के बढ़ने पर लेंस का रंग धीरे-धीरे पीला या भूरा होने लगता है, जिससे आपको सही रंगों को पहचानने में परेशानी होने लगती है।
  5. चश्मे के नंबर में बार-बार बदलाव: पिछले कुछ महीनों में कई बार आँखों की जांच कराने पर आंख के नंबर में बार-बार बदलाव नजर आना संकेत है कि आंख की कोई समस्या है।
  6. एक ही आँख से दो-दो चीजें दिखना (Double Vision): कभी-कभी जब लेंस का केवल एक हिस्सा धुंधला होता है, तो आंख में जाने वाली रोशनी बिखर जाती है, जिससे एक ही व्यक्ति को एक इंसान दो नजर आते हैं।

Symptoms of Cataract

मोतियाबिंद के मुख्य कारण और जोखिम कारक

आखिर मोतियाबिंद के कारण क्या है? ये सवाल सबके मन में आता है कि आखिर ये समस्या क्यों होती है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और भारत के नेशनल ब्लाइंडनेस सर्वे के हालिया आंकड़े बताते हैं कि भारत में 50 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों में अंधापन या दृष्टि हानि का सबसे बड़ा कारण (लगभग 62% से 66% मामलों में) मोतियाबिंद ही है। ये आंकड़े गंभीर हैं। मोतियाबिंद के मुख्य कारण निम्नलिखित हैं - 

  • उम्र का बढ़ना (Aging): आमतौर पर 40 या 50 साल की उम्र के बाद आँख के लेंस के भीतर बदलाव शुरू हो जाते हैं, जो 60-70 की उम्र तक आते-आते मोतियाबिंद का रूप ले लेते हैं।
  • मधुमेह या डायबिटीज: जिन लोगों का ब्लड शुगर लेवल लगातार बढ़ा रहता है, उनके आंख के लेंस में तरल पदार्थ का संतुलन बिगड़ जाता है, जो बढ़ती उम्र के लोगों को मुख्य रूप से परेशान करता है।
  • लंबे समय तक धूप का प्रभाव (UV Rays): जो लोग सूरज की हानिकारक अल्ट्रावायलेट (UV) किरणों के संपर्क में सीधे और लंबे समय तक रहते हैं, उनकी आँखों के लेंस के टिशू जल्दी खराब होने लगते हैं।
  • स्टेरॉयड दवाओं का अत्यधिक उपयोग: कुछ गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए लंबे समय तक स्टेरॉयड युक्त आई ड्रॉप या गोलियों का सेवन करने से मोतियाबिंद होने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
  • आँख में चोट लगना: कभी अतीत में आँख में लगी कोई गहरी चोट, पंच या किसी दुर्घटना के कारण लेंस के अंदरूनी ढांचे को नुकसान पहुँच सकता है, जिससे सालों बाद भी मोतियाबिंद बन सकता है।
  • अस्वस्थ जीवनशैली: अत्यधिक धूम्रपान, शराब का सेवन और भोजन में एंटीऑक्सीडेंट्स व विटामिन की कमी भी आँखों की उम्र को तेजी से बढ़ा देती है। इन सभी कारकों के कारण कई अन्य स्वास्थ्य समस्याएं भी हो सकती हैं जैसे कि मोटापा (Obseity), मधुमेह, हाई ब्लड प्रेशर, इत्यादि, जो कभी न कभी आंख के हेल्थ को भी प्रभावित कर सकते हैं। 

मोतियाबिंद की जांच कैसे की जाती है?

जब आप सीके बिरला हॉस्पिटल (RBH) जैसे विश्वसनीय आई केयर सेंटर जाते हैं, तो कुछ टेस्ट की मदद से इस समस्या की पुष्टि की जा सकती है - 

  • विजुअल एक्यूटी टेस्ट (Visual Acuity Test): एक निश्चित दूरी से चार्ट पढ़वाकर यह देखा जाता है कि आँखों की रोशनी कम होना किस स्तर तक पहुँचा है।
  • स्लिट-लैंप एग्जामिनेशन (Slit-Lamp Examination): एक विशेष माइक्रोस्कोप और तेज रोशनी की मदद से डॉक्टर आँख के प्राकृतिक लेंस के धुंधलेपन की बारीकी से जांच करते हैं।
  • रेटिनल एग्जामिनेशन (Dilation Test): आँखों में विशेष ड्रॉप डालकर पुतली फैलाई जाती है, जिससे आँख के पिछले हिस्से (पर्दे) की स्थिति जांची जा सके।
  • टोनोमेट्री (Tonometry): इससे आँख का अंदरूनी प्रेशर नापा जाता है ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि कहीं मरीज को काले मोतिया (Glaucoma) की शिकायत तो नहीं है।

मोतियाबिंद का इलाज और सर्जरी के विकल्प

यह समझना जरूरी है कि मोतियाबिंद का इलाज किसी घरेलू नुस्खे, योग या आई ड्रॉप से संभव नहीं है। जब लेंस एक बार धुंधला हो जाता है, तो इसका एकमात्र प्रामाणिक समाधान Cataract surgery ही है। यह 10-15 मिनट की बेहद सुरक्षित प्रक्रिया है, जिसमें धुंधले लेंस को हटाकर एक आधुनिक कृत्रिम लेंस (IOL) लगा दिया जाता है।

सर्जरी के आधुनिक विकल्प

  • फेकोइमल्सीफिकेशन (Phaco): यह सबसे आम तकनीक है, जिसमें एक बहुत छोटे चीरे के ज़रिए अल्ट्रासोनिक तरंगों से लेंस को हटाकर फोल्डेबल लेंस डाल दिया जाता है। इसमें कोई टांका या पट्टी नहीं लगती।
  • एमआईसीएस (MICS): यह फेको से भी सूक्ष्म चीरा लगाकर की जाने वाली एडवांस सर्जरी है, जिससे आंख बहुत तेजी से रिकवर होती है।
  • रोबोटिक लेजर सर्जरी: इसमें कंप्यूटर-गाइडेड फेम्टोसेकेंड लेजर का उपयोग होता है, जो सर्जरी को अत्यधिक सटीक, सुरक्षित और पूरी तरह ब्लेडलेस बनाता है।

लेंस (IOL) के बेहतरीन विकल्प

  • मोनोफोकल लेंस: यह केवल एक निश्चित दूरी (आमतौर पर दूर) की नज़र को साफ करता है; पढ़ने के लिए हल्के चश्मे की जरूरत हो सकती है।
  • मल्टीफोकल लेंस: इसे लगवाने के बाद दूर और पास दोनों की चीजें बिना चश्मे के साफ दिखाई देने लगती हैं।
  • ट्राइफोकल लेंस: आधुनिक डिजिटल लाइफस्टाइल के लिए बेस्ट है। यह दूर, पास और कंप्यूटर/लैपटॉप स्क्रीन (इंटरमीडिएट विज़न) तीनों को बिना चश्मे के बिल्कुल क्रिस्टल क्लियर बनाता है।

निष्कर्ष

मोतियाबिंद उम्र बढ़ने का एक सामान्य हिस्सा है, लेकिन इसके कारण अपनी आज़ादी और खुशियों से समझौता करना समझदारी नहीं है। आँखों की रोशनी कम होना आपके जीवन की गुणवत्ता को प्रभावित करे, उससे पहले ही सही कदम उठाना जरूरी है।

सीके बिरला हॉस्पिटल (RBH), जयपुर में हमारे पास विश्वस्तरीय मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, आधुनिक डायग्नोस्टिक मशीनें और एक्सपीरियंस स्पेशलिस्ट की टीम है। अगर आप या आपके परिवार में कोई इस समस्या से जूझ रहा है, तो देर न करें; आज ही हमारे विशेषज्ञों से सलाह लें और एक साफ़ व स्पष्ट भविष्य की ओर कदम बढ़ाएं।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)

क्या मोतियाबिंद बिना ऑपरेशन ठीक हो सकता है?

जी नहीं, मोतियाबिंद को बिना ऑपरेशन के ठीक नहीं किया जा सकता। किसी भी प्रकार की दवा, आई ड्रॉप, चश्मा या घरेलू उपाय धुंधले हो चुके लेंस को दोबारा पारदर्शी नहीं बना सकते। सर्जरी ही इसका एकमात्र और स्थायी समाधान है।

मोतियाबिंद की सर्जरी कब करानी चाहिए?

जब मोतियाबिंद के कारण आपके रोजमर्रा के काम जैसे कि पढ़ना, टीवी देखना, या रात में गाड़ी चलाना प्रभावित होने लगे, तो सर्जरी करा लेनी चाहिए। इसे बहुत अधिक पकाने का इंतज़ार करना आँखों के लिए नुकसानदेह हो सकता है।

क्या मोतियाबिंद सर्जरी सुरक्षित होती है?

हाँ, आधुनिक फेको और लेजर तकनीकों के कारण मोतियाबिंद की सर्जरी दुनिया की सबसे सुरक्षित और सफल सर्जिकल प्रक्रियाओं में से एक है। इसमें संक्रमण का खतरा न के बराबर होता है और सफलता दर 98% से अधिक है।

ऑपरेशन के बाद कितने समय में ठीक हो जाते हैं?

आधुनिक तकनीक (बिना टांके वाली सर्जरी) से मरीज अगले ही दिन से अपने हल्के-फुल्के काम शुरू कर सकता है। आँख को पूरी तरह से स्थिर होने और पूरी रोशनी वापस आने में लगभग 2 से 4 सप्ताह का समय लगता है।

क्या दोनों आंखों में मोतियाबिंद हो सकता है?

हाँ, मोतियाबिंद आमतौर पर दोनों आँखों को प्रभावित करता है क्योंकि यह उम्र बढ़ने की एक सामान्य प्रक्रिया है। हालांकि, यह संभव है कि एक आँख में यह दूसरी आँख की तुलना में जल्दी विकसित हो जाए या ज्यादा गंभीर हो।

क्या उम्र के साथ मोतियाबिंद होना सामान्य है?

हाँ, 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों में मोतियाबिंद होना बेहद सामान्य है। जैसे सिर के बाल सफेद होना एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, वैसे ही उम्र के साथ आंखों के प्राकृतिक लेंस का धुंधला होना भी एक स्वाभाविक शारीरिक बदलाव है।

मोतियाबिंद के ऑपरेशन में कौन सा लेंस सबसे अच्छा होता है?

आपकी जीवनशैली और जरूरतों के आधार पर लेंस का चयन होता है। यदि आप चश्मे से पूरी तरह मुक्ति चाहते हैं, तो 'ट्राइफोकल' या 'मल्टीफोकल' लेंस सबसे बेहतरीन विकल्प माने जाते हैं, जो कंप्यूटर और पढ़ाई दोनों में मदद करते हैं।

सर्जरी के बाद क्या सावधानियां रखनी चाहिए?

ऑपरेशन के बाद शुरुआती कुछ दिनों तक आंखों में पानी जाने से बचाएं, आँखों को ज़ोर से न मलें, धूल-धुएं वाली जगहों पर जाने से बचें और डॉक्टर द्वारा बताए गए आई ड्रॉप्स को नियमित रूप से समय पर डालें।

Written and Verified by:

Dr. Shubhnav Jain

Dr. Shubhnav Jain

Consultant Exp: 9 Yr

Ophthalmology

Book an Appointment

Dr. Shubhnav Jain is a Consultant Ophthalmologist at CK Birla Hospital, Jaipur, with over 9 years of experience. He specializes in cataract surgery, glaucoma management, and refractive error correction.

Treatments in Jaipur

Ophthalmology Doctors in Jaipur

NavBook Appt.WhatsappWhatsappCall Now